आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर पूर्व मध्य रेलवे का बड़ा फैसला, पटना समेत विभिन्न रूटों पर चलेंगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें

पर्व के मौके पर परदेश से अपने घर आनेवाले लोगों के लिए खुशखबरी है। दीपावली और छठ जैसे मौके पर उनकी टिकट की टेंशन खत्म होने वाली है। रेलवे ने पटना समेत बिहार के विभिन्न रुटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाने का एलान किया है.......

आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर पूर्व मध्य रेलवे का बड़ा फैसला,
पर्व पर टिकट की टेंशन खत्म- फोटो : सांकेतिक तस्वीर

Patna : आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेलवे (पूमरे) ने कई जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। पूमरे की मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि नई दिल्ली/आनंद विहार, चंडीगढ़, फिरोजपुर कैंट, एरणाकुलम, पोत्तनूर, जोगबनी और कामाख्या के मध्य इन स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा, जिससे यात्रियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।


चंडीगढ़, फिरोजपुर और आनंद विहार के लिए स्पेशल ट्रेनों की सौगात

गाड़ी संख्या 04512/04511 चंडीगढ़-पटना फेस्टिवल स्पेशल 1 अक्टूबर से 27 अक्टूबर के बीच चलाई जाएगी, जो वाराणसी, डीडीयू, बक्सर, आरा और दानापुर रुकते हुए पटना जंक्शन पहुंचेगी। इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 04616/04615 फिरोजपुर कैंट-पटना फेस्टिवल स्पेशल 6 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक संचालित होगी। इसके अलावा, गाड़ी संख्या 04096/04095 आनंद विहार-पाटलिपुत्र फेस्टिवल स्पेशल 1 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोनों दिशाओं में चलाई जाएगी।


दक्षिण भारत के लिए एर्णाकुलम और पोत्तनूर स्पेशल ट्रेनें

लंबी दूरी के यात्रियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 06085/06086 एर्णाकुलम-पटना स्पेशल 2 अक्टूबर से 3 अक्टूबर के बीच और गाड़ी संख्या 06021/06022 पोत्तनूर-बरौनी स्पेशल 4 अक्टूबर से 7 अक्टूबर के बीच चलाई जाएगी। ये ट्रेनें किउल, मोकामा, बख्तियारपुर, डीडीयू, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर और शाहपुर पटोरी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकते हुए अपने निर्धारित गंतव्य तक पहुंचेंगी।


जोगबनी और कामाख्या रूट के लिए भी विशेष ट्रेनों का संचालन

पूर्वोत्तर बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों के यात्रियों के लिए गाड़ी संख्या 04008/04007 आनंद विहार-जोगबनी फेस्टिवल स्पेशल 7 अक्टूबर से 11 अक्टूबर के बीच संचालित होगी, जो हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, कटिहार और पूर्णिया होते हुए जोगबनी पहुंचेगी। साथ ही, गाड़ी संख्या 04076/04075 दिल्ली-कामाख्या फेस्टिवल स्पेशल 3 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच चलाई जाएगी, जो डीडीयू, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, बरौनी और कटिहार के रास्ते कामाख्या तक जाएगी।


रेलवे प्रशासन की अपील और यात्रियों के लिए सुविधाएं

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना इन स्पेशल ट्रेनों के समय-सारणी के अनुसार बनाएं ताकि सफर के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इन ट्रेनों के संचालन से त्योहारी सीजन में यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिलने में आसानी होगी और भीड़भाड़ से राहत मिलेगी।