Bihar News : ऊर्जा सचिव अजय यादव ने की SBPDCL के राजस्व कार्यों की समीक्षा, बिलिंग और बकाया वसूली में सुधार सहित दिए कई निर्देश
Bihar News : ऊर्जा सचिव सह सीएमडी बीएसपीएचसीएल अजय यादव की अध्यक्षता में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एसबीपीडीसीएल) के राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई.....पढ़िए आगे
PATNA : ऊर्जा सचिव सह बीएसपीएचसीएल (BSPHCL) के सीएमडी अजय यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) के राजस्व कार्यों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में एसबीपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल सहित विभाग के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मुख्य रूप से शामिल हुए।
इन मुख्य बिंदुओं पर हुई विस्तृत समीक्षा
बैठक के दौरान साउथ बिहार में बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देने और कंपनी के वित्तीय ढांचे को मजबूत करने के लिए कई अहम मुद्दों पर प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में राजस्व संग्रह में और अधिक सुधार लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा के भीतर हासिल करने पर जोर दिया गया। वहीँ स्मार्ट मीटर लगाने की गति और उपभोक्ताओं को इससे मिलने वाली सेवाओं की वर्तमान स्थिति को आंका गया। लंबे समय से लंबित बकाए की वसूली और त्रुटिहीन बिलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित पड़े नए बिजली कनेक्शनों के मामलों का त्वरित निष्पादन करने की बात कही गई।
कार्यों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं: ऊर्जा सचिव
समीक्षा के दौरान ऊर्जा सचिव अजय यादव ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व संग्रह में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विंग को आपसी समन्वय के साथ काम करने और निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा, ताकि उपभोक्ता सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
अब हर सप्ताह होगी कार्यों की प्रोग्रेस रिपोर्ट की समीक्षा
ऊर्जा सचिव के निर्देशों के बाद एसबीपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल ने विभागीय अधिकारियों को कार्यशैली में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अब से राजस्व कार्यों की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा बैठक नियमित रूप से आयोजित की जाएगी। इससे लक्ष्यों की सतत निगरानी हो सकेगी और धरातल पर आ रही तकनीकी या प्रशासनिक समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।