होटल संचालक से 5 लाख की रंगदारी मांगने का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार

होटल संचालक से 5 लाख की रंगदारी मांगने का खुलासा, दो शातिर ग
होटल संचालक से 5 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में दो गिरफ्तार- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र स्थित कुम्हार इलाके में एक होटल संचालक से 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों मोहम्मद साहिल और इंजमाम उर्फ इंजू को गिरफ्तार कर लिया है।


20 अगस्त को दर्ज हुआ था मामला 

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रंगदारी मांगने की इस वारदात को लेकर गत 20 अगस्त को अगमकुआं थाने में कांड संख्या 889/26 दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की छानबीन और अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम का गठन किया था।


सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़े गए आरोपी 

गठित विशेष टीम ने जांच के दौरान इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों (सर्विलांस) का सहारा लिया। ठोस सुराग और सटीक लोकेशन के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों—मोहम्मद साहिल और इंजमाम उर्फ इंजू को धर दबोचा।


अवैध हथियार और 3 मोबाइल बरामद 

गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी लेने पर पुलिस ने उनके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, एक देशी पिस्टल तथा रंगदारी मांगने की कॉल में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस जब्त हथियारों के स्रोत की जांच कर रही है।


आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस 

अगमकुआं थाना पुलिस दोनों गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस घटना के पीछे किसी अन्य आपराधिक गिरोह का हाथ तो नहीं है और गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में क्या आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

रंजीत की रिपोर्ट