Bihar News: पटना सिविल कोर्ट के पास सरकारी नोटरी के चैंबर से जाली स्टांप बरामद, डीएम ने दिया सख्त निर्देश

Bihar News:

Bihar News: पटना सिविल कोर्ट के पास सरकारी नोटरी के चैंबर से

Bihar News: अवैध स्टांप की बिक्री और कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने सिविल कोर्ट परिसर के पास डीबीए लाइब्रेरी के नजदीक स्थित सरकारी नोटरी अरुण कुमार प्रसाद के चैंबर में छापेमारी कर भारी मात्रा में जाली स्टांप बरामद किए हैं। मामले में आरोपी नोटरी के खिलाफ पीरबहोर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

जाली स्टांप बरामद

छापेमारी के दौरान अलग-अलग मूल्य के कोर्ट फी और वेलफेयर स्टांप के साथ बड़ी संख्या में खाली शपथपत्रों पर चिपके स्टांप भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री का सत्यापन स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के विशेषज्ञों द्वारा किया गया। जिसमें कई स्टांप फर्जी पाए गए। 

खाली शपथ पत्र पर लगे थे स्टांप 

बरामद फर्जी स्टांपों में 99 रुपये के ई-कोर्ट फी स्टांप, 25 रुपये के वेलफेयर स्टांप, 1 रुपये के कोर्ट फी स्टांप और बड़ी संख्या में खाली शपथपत्रों पर लगे स्टांप शामिल हैं। यह कार्रवाई अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम) वरुण कुमार झा की अध्यक्षता में गठित विशेष दल ने की। छापेमारी टीम में नगर दंडाधिकारी सुधीर कुमार, कोषागार पदाधिकारी संजीव कुमार और जिला अवर निबंधक सत्यनारायण चौधरी शामिल थे। 

आरोपी पर होगी सख्त कार्रवाई 

इसके अलावा विशेष कार्यपालक दंडाधिकारी संगीत कुमार ठाकुर, पुलिस केंद्र पटना के अवर निरीक्षक ललन कुमार और पीरबहोर थाना की पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध स्टांप कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और मामले की गहन जांच जारी है।


पटना से अनिल की रिपोर्ट