Bihar News: बिहार के किसानों को मौसम विभाग ने बड़ी राहत दी है। अब किसानों को हर आधे घंटे पर मौसम की जानकारी मिल जाएगी। जिससे किसानों बड़ी मदद मिलेगी। दरअसल, मौसम विज्ञान केंद्र राज्य के 21 जिलों में एग्रो ऑटोमेटिक वेदर सिस्टम स्थापित करने जा रहा है। इस सिस्टम की मदद से किसानों को हर आधे घंटे पर हवा की गति, दिशा, धूप, छांव, बारिश, ठंड और ठनका जैसी महत्वपूर्ण मौसम संबंधी जानकारी प्राप्त होगी।
मेघदूत ऐप से मिलेगी जानकारी
इसके अलावा, सिस्टम में लगे सेंसर मिट्टी की नमी, तापमान और उसकी गुणवत्ता की जानकारी भी प्रदान करेंगे। किसान यह जानकारी मौसम विज्ञान केंद्र की वेबसाइट और ‘मेघदूत’ ऐप के जरिए प्राप्त कर सकेंगे। यह ऐप प्रखंड स्तर के किसानों को आसान भाषा में मौसम संबंधी अपडेट देगा।
इन स्थानों पर लगाए जाएंगे वेदर सिस्टम
नए जिले: पटना, बक्सर, नालंदा, गया, अरवल, जहानाबाद, सारण, पश्चिम चंपारण, सहरसा, रोहतास, कैमूर, वैशाली, समस्तीपुर, मधुबनी, दरभंगा, आरा, गोपालगंज, छपरा, किशनगंज।
पहले से लगे जिले: भागलपुर, मुजफ्फरपुर, अररिया, औरंगाबाद, कटिहार, नवादा, पूर्णिया, बांका, बेगूसराय, पूर्वी चंपारण, शेखपुरा, जमुई, सीतामढ़ी, खगड़िया।
किसानों को मिलेगी सटीक जानकारी
यह वेदर सिस्टम राज्य के सभी कृषि विज्ञान केंद्रों और कृषि कॉलेजों में भी लगाए जाएंगे। राज्य में कुल 44 कृषि विज्ञान केंद्र हैं, जो किसानों को मौसम से जुड़ी सटीक जानकारी देने में मदद करेंगे। इससे किसान जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के प्रति सतर्क रह सकेंगे और मौसम पूर्वानुमान के आधार पर अपनी फसल की सुरक्षा कर सकेंगे।