पटना के रहमानी-30 गर्ल्स हॉस्टल में लगी आग, बाल बाल बची 60 छात्रायें, दमकल की कई गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

अलीनगर स्थित हॉस्टल के कमरे में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, मच्छरदानी और बिस्तर में लगी लपटों से फैला धुआं; सभी छात्राएं सुरक्षित

Fire Breaks Out at Rahmani-30
Fire Breaks Out at Rahmani-30 - फोटो : news4nation

Bihar News:  राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र स्थित रहमानी-30 गर्ल्स हॉस्टल में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अलीनगर स्थित हॉस्टल के एक कमरे में लगी आग देखते ही देखते फैलने लगी और पूरे कमरे में धुआं भर गया। घटना के समय हॉस्टल में करीब 60 छात्राएं मौजूद थीं। राहत की बात यह रही कि सभी छात्राएं सुरक्षित बाहर निकल आईं। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।


बिजली बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से लगी आग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हॉस्टल के एक कमरे में लगे बिजली बोर्ड में शॉर्ट सर्किट हुआ। इससे निकली चिंगारी पास में रखी मच्छरदानी और बिस्तर पर गिर गई। ज्वलनशील सामान के संपर्क में आते ही आग ने तेजी से पकड़ बना ली। देखते ही देखते कमरे में धुआं फैल गया, जिससे हॉस्टल में मौजूद छात्राओं के बीच घबराहट की स्थिति पैदा हो गई।


दमकल की कई गाड़ियों ने आधे घंटे में पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते दमकल की टीम के पहुंचने से आग को हॉस्टल के अन्य कमरों तक फैलने से रोक लिया गया।


सभी 60 छात्राएं सुरक्षित, बड़ा हादसा टला

हॉस्टल में आग लगने के समय करीब 60 छात्राएं मौजूद थीं। आग और धुएं के बीच सभी की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। किसी छात्रा के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है। घटना के बाद हॉस्टल परिसर में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

अनिल की रिपोर्ट