Bihar Tech Park: पटना में बनेगा बिहार का पहला टेक पार्क, 413 करोड़ होंगे खर्च; फाइव स्टार होटल और आईटी हब की मिलेगी सुविधा
Bihar Tech Park: पटना के गर्दनीबाग में बिहार का पहला टेक पार्क 413 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। 7.43 लाख वर्गफुट में आईटी ब्लॉक, फाइव स्टार होटल और आवासीय परिसर विकसित होगा।
Bihar Tech Park: बिहार को तकनीक और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की तैयारी है। इसके तहत राजधानी पटना में राज्य का पहला टेक पार्क विकसित किया जाएगा। इसे आधुनिक आईटी हब के रूप में तैयार करने की योजना है। पटना के गर्दनीबाग में बापू टावर के पास 7.43 लाख वर्गफुट क्षेत्र में इस परियोजना का निर्माण होगा। इस पर करीब 413 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
टेक पार्क में आईटी और वाणिज्यिक ब्लॉक के साथ सात मंजिला फाइव स्टार होटल और आठ मंजिला आवासीय ब्लॉक भी बनाया जाएगा। परियोजना का उद्देश्य बिहार में आईटी उद्योग का विस्तार करना और तकनीकी कंपनियों को निवेश के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
7.43 लाख वर्गफुट में विकसित होगा टेक पार्क
पटना के गर्दनीबाग में बनने वाला यह टेक पार्क बिहार के आईटी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (NBCC) को सौंपी गई है। यहां आईटी कंपनियों, तकनीकी उद्यमियों और कारोबार से जुड़े लोगों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इससे राज्य में तकनीक आधारित कारोबार को बढ़ावा मिलने के साथ निवेश के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।
413 करोड़ रुपये खर्च, 1071 करोड़ की मॉनेटाइजेशन वैल्यू
टेक पार्क के निर्माण और विकास पर करीब 413 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। वहीं, 90 साल की लीज अवधि के लिए इसकी अनुमानित ग्रॉस मॉनेटाइजेशन वैल्यू 1071 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस अनुमान के आधार पर परियोजना से करीब 658 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ होने की संभावना जताई गई है। इससे राज्य में आईटी और तकनीक से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
आईटी ब्लॉक के साथ बनेगा सात मंजिला फाइव स्टार होटल
टेक पार्क परिसर में 3.76 लाख वर्गफुट क्षेत्र में आईटी और वाणिज्यिक ब्लॉक बनाया जाएगा। इसके अलावा सात मंजिला फाइव स्टार होटल का निर्माण भी प्रस्तावित है। यहां निवेशकों, कंपनियों के प्रतिनिधियों और अन्य अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था होगी। परिसर में आठ मंजिला आवासीय ब्लॉक बनाने की भी योजना है। इस तरह यहां कामकाज के साथ रहने और ठहरने की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
निर्माण कार्य की निगरानी के लिए बनेगी कमेटी
टेक पार्क के निर्माण और विकास कार्यों की निगरानी के लिए एक कमेटी गठित की जाएगी। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव या सचिव इस कमेटी के अध्यक्ष होंगे। कमेटी में भवन निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख, सब अपर मुख्य आयुक्त सह विशेष सचिव और एनबीसीसी के दो प्रतिनिधि सदस्य के रूप में शामिल होंगे। यह समिति परियोजना के निर्माण और विकास से जुड़े कार्यों पर नजर रखेगी।
बिहार के युवाओं के लिए खुल सकते हैं रोजगार के नए रास्ते
पटना में टेक पार्क बनने से बिहार में आईटी कंपनियों के लिए आधुनिक आधारभूत ढांचा तैयार होने की उम्मीद है। इससे तकनीकी क्षेत्र में निवेश बढ़ सकता है और राज्य में नए कारोबार को बढ़ावा मिल सकता है। परियोजना पूरी होने के बाद बिहार के युवाओं के लिए आईटी और तकनीक से जुड़े रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है। इससे राज्य में आईटी उद्योग के विस्तार को भी गति मिल सकती है।