वंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज की MLC सदस्यता खत्म करने पर हुआ बड़ा फैसला, सभापति ने इन्हें दिया बड़ा झटका

वंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज के भाजपा नेताओं के साथ संपर्क और पार्टी कार्यालय में उनकी तस्वीर सामने आने के बाद बिहार की सियासत गरमा गई थी। इसके बाद राष्ट्रीय जनता दल और जन सुराज की ओर से दोनों की सदस्यता समाप्त करने की मांग उठाई गई थी।

Disqualification MLCs Vanshidhar Brijwasi and Rahul Raj
Disqualification MLCs Vanshidhar Brijwasi and Rahul Raj- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार की राजनीति में विधान परिषद के दो निर्दलीय सदस्यों वंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज को बड़ी राहत मिली है। दोनों की विधान परिषद सदस्यता समाप्त करने की मांग को लेकर दायर सभी याचिकाओं को विधान परिषद सचिवालय ने खारिज कर दिया है। कार्यकारी सभापति के आदेश के बाद सचिवालय की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पत्र भी जारी कर दिया गया है। इस फैसले के साथ ही फिलहाल दोनों विधान पार्षदों की सदस्यता पर मंडरा रहा खतरा टल गया है।


दरअसल, वंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज के भाजपा नेताओं के साथ संपर्क और पार्टी कार्यालय में उनकी तस्वीर सामने आने के बाद बिहार की सियासत गरमा गई थी। इसके बाद राष्ट्रीय जनता दल और जन सुराज की ओर से दोनों की सदस्यता समाप्त करने की मांग उठाई गई थी। याचिकाओं में दल-बदल कानून के तहत कार्रवाई करने का आग्रह किया गया था।


विपक्ष ने की थी सदस्यता रद्द करने की मांग

विधान परिषद चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज करने वाले वंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज को लेकर राजनीतिक विवाद तब तेज हुआ, जब दोनों की तस्वीर भाजपा कार्यालय में सामने आई। इसके बाद राजद नेताओं ने विधान परिषद सभापति से मुलाकात कर दोनों की सदस्यता समाप्त करने की मांग की थी। वहीं, जन सुराज के नेताओं की ओर से भी इस संबंध में याचिकाएं दाखिल की गई थीं।


याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि दोनों निर्दलीय विधान पार्षदों की गतिविधियां और भाजपा के साथ उनकी नजदीकी दल-बदल कानून के दायरे में आ सकती हैं। इसी आधार पर उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग की गई थी।


शुरुआती जांच में ही खारिज हुईं याचिकाएं

विधान परिषद सचिवालय ने इन याचिकाओं की प्रारंभिक जांच की। इस दौरान याचिकाओं में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और जरूरी शर्तों की कमी पाई गई। इसके बाद सभी याचिकाओं को शुरुआती स्तर पर ही खारिज कर दिया गया। कार्यकारी सभापति के आदेश के बाद सचिवालय ने आधिकारिक पत्र जारी कर इस फैसले की जानकारी दी।


दोनों MLC को मिली बड़ी राहत

सचिवालय के इस फैसले से वंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज को बड़ी राहत मिली है। दोनों की सदस्यता फिलहाल बरकरार रहेगी। वहीं, सदस्यता समाप्त कराने की मांग करने वाले राजद और जन सुराज के नेताओं को झटका लगा है।