Bihar News: पटना में आग का तांडव, कम्युनिटी हॉल से उठी लपटों ने मचाया हाहाकार, लाखों की संपत्ति जलकर राख, 10 दमकल की गाड़ियां पहुंची

Bihar News: राजधानी पटना में आग का तांडव देखने को मिला है। अचानक लगी आग ने इलाके में हाहाकार मचा दिया। इस घटना में लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई है। वहीं आग बुझाने के लिए मौके पर दमकल की 10 गाड़ियां पहुंचीं।

आग
पटना में आग का तांडव- फोटो : social media

Bihar News:  राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां सुबह सुबह भीषण अगलगी की घटना घटी है। पूरा मामला पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र स्थित बजरंगपुरी मोहल्ले में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग एक कबाड़ी की दुकान से शुरू होकर पास स्थित उत्सव हॉल तक फैल गई, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

10 दमकल की गाड़ियां पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही दमकल की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। अग्निशमन दस्ता के पदाधिकारी गयानंद सिंह ने बताया कि सभी कर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह कबाड़ की दुकान के पीछे अचानक धुआं उठता देखा गया। शुरुआत में लोगों को लगा कि सामान्य रूप से कबाड़ जलाया जा रहा है, लेकिन कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और बगल में स्थित उत्सव हॉल को भी अपनी चपेट में ले लिया।

इलाके में मचा हड़कंप 

कम्युनिटी हॉल में आग लगने की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। लोग एहतियातन अपने घरों से गैस सिलेंडर और अन्य ज्वलनशील सामान सुरक्षित स्थानों पर हटाने लगे। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को भी जानकारी दी गई।

बड़ा हादसा टला 

स्थानीय निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि चंद्रमणि उत्सव पैलेस में अक्सर शादी-विवाह के कार्यक्रम होते हैं, लेकिन सोमवार रात वहां कोई आयोजन नहीं था। इससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल दमकल की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।