Khan Sir: खान सर के कोचिंग पर संकट के बादल, फायर सेफ्टी उल्लंघन और एफआईआर के बीच क्या बंद हो जाएगा खान ग्लोबल स्टडीज?

Khan Sir: शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।...

Fire Safety Notice Puts Khan Sir Coaching Under Scrutiny
खान सर के कोचिंग पर संकट के बादल- फोटो : social Media

Khan Sir: शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। एक ओर उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले में पुलिस उनकी तलाश कर रही है, तो दूसरी ओर फायर सेफ्टी नियमों के कथित उल्लंघन ने उनके कोचिंग संस्थान खान ग्लोबल स्टडीज पर कार्रवाई का खतरा बढ़ा दिया है। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या अब खान सर का कोचिंग सेंटर बंद हो जाएगा? फिलहाल इसका सीधा जवाब अभी नहीं, लेकिन खतरा बना हुआ है है। बिहार अग्निशमन सेवा के डीआईजी मनोज कुमार नट के अनुसार, जांच के दौरान संस्थान में अग्नि सुरक्षा मानकों की कई कमियां पाई गई हैं। संस्थान को नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों को पूरा करने का निर्देश दिया गया है। यदि तय समय सीमा के भीतर कमियां दूर नहीं की जाती हैं, तो नियमानुसार संस्थान के खिलाफ बंदी सहित अन्य प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।

फायर विभाग का कहना है कि पूर्व में एसडीओ और अन्य अधिकारियों के साथ किए गए निरीक्षण में भी कई खामियां सामने आई थीं। ऐसे में यह मामला केवल औपचारिक नोटिस तक सीमित नहीं माना जा रहा है। यदि सुरक्षा मानकों का अनुपालन नहीं होता है तो लाइसेंस, संचालन अनुमति और भवन सुरक्षा को लेकर कठोर कदम उठाए जा सकते हैं।

उधर 2 जून को मुसल्लहपुर हाट स्थित संस्थान के बाहर हुई कथित फायरिंग की घटना ने विवाद को और गहरा कर दिया है। इस मामले में खान सर के दो सुरक्षा कर्मियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के अनुसार दोनों ने पूछताछ में फायरिंग की बात स्वीकार की और कथित रूप से इसे खान सर के निर्देश पर किए जाने का दावा किया। इसके बाद खान सर के खिलाफ भी गैर-जमानती धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।हालांकि मामले का दूसरा पक्ष भी सामने आया है। खान सर पहले आरोप लगा चुके हैं कि कम फीस में शिक्षा देने के कारण कुछ प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संचालक उन्हें निशाना बना रहे हैं। इसी विवाद में ज्ञान बिंदु जीएस अकादमी के संचालक रौशन आनंद की गिरफ्तारी भी हुई थी।

कानूनी दृष्टि से देखें तो केवल एफआईआर दर्ज होने या जांच चलने भर से किसी संस्थान को स्वतः बंद नहीं किया जा सकता। लेकिन यदि फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन साबित होता है और नोटिस के बाद भी सुधार नहीं किए जाते, तो प्रशासन के पास संस्थान के संचालन पर रोक लगाने का अधिकार होता है।

इसलिए वर्तमान स्थिति में खान ग्लोबल स्टडीज बंद नहीं हुआ है, लेकिन फायर सेफ्टी अनुपालन और चल रही कानूनी प्रक्रियाओं का परिणाम उसके भविष्य को प्रभावित कर सकता है। अंतिम फैसला जांच रिपोर्ट, न्यायालयी प्रक्रिया और प्रशासनिक कार्रवाई पर निर्भर करेगा।