किसी के हाथों को रोजगार, किसी के सपनों को पंख… सेवा से सजा गौरव राय का जन्मदिन

जन्मदिन के अवसर पर गौरव राय ने अपने कार्यालय के आसपास रहने वाली महिलाओं को बर्तन और छात्राओं को जूते व उनकी पसंद के कपड़े दिए। इसके अलावा, कार्यालय के पास रहने वाली बच्ची आराध्या की निजी कोचिंग की फीस की व्यवस्था भी की, ताकि उसकी पढ़ाई में बाधा न आए

Gaurav Rai Social Work
Gaurav Rai Social Work- फोटो : news4nation

Bihar News :  सेवा को धर्म और जरूरतमंदों की मदद को अपना दायित्व मानकर सदैव तत्पर रहने वाले पटना के गौरव राय ने अपने जन्मदिन को सेवा कार्य के रूप में मनाया। 30 अक्टूबर को पटना के बिग्रहपुर स्थित अपने कार्यालय में उन्होंने जरूरतमंद महिलाओं, छात्राओं और बच्चों के बीच उपयोगी सामान वितरित कर खुशियां साझा कीं। इस दौरान सिवान के बड़का गांव की रहने वाली रानी मिश्रा को स्वरोजगार के लिए सिलाई मशीन दी गई। रानी के पति का निधन हो चुका है। ऐसे में सिलाई मशीन उनके लिए आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।


जरूरतमंदों की मदद को बताया समाज का दायित्व

जन्मदिन के अवसर पर गौरव राय ने अपने कार्यालय के आसपास रहने वाली महिलाओं को बर्तन और छात्राओं को जूते व उनकी पसंद के कपड़े दिए। इसके अलावा, कार्यालय के पास रहने वाली बच्ची आराध्या की निजी कोचिंग की फीस की व्यवस्था भी की, ताकि उसकी पढ़ाई में बाधा न आए। गौरव राय ने कहा कि जन्मदिन की शुरुआत पूजा-पाठ से हुई, लेकिन जरूरतमंदों के लिए कुछ करना उन्हें विशेष संतोष देता है। 


उन्होंने कहा कि रानी मिश्रा के पति का निधन हो चुका है। ऐसे लोगों की मदद करना समाज का भी दायित्व है, ताकि अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। आराध्या की पढ़ाई में सहयोग को लेकर उन्होंने कहा कि किसी बच्चे को शिक्षा के लिए मदद देना भी ईश्वर की पूजा के समान है।

बिना एनजीओ समाजसेवा की पहल से मिली प्रेरणा

इस अवसर पर भूमिहार महिला समाज की प्रीति प्रिया भी मौजूद रहीं। उन्होंने गौरव राय को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह उनसे बहुत कुछ सीखती हैं। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि बिना किसी एनजीओ के गौरव राय लगातार समाज के लिए काम कर रहे हैं। उनके सेवा कार्यों को करीब से देखना बेहद प्रेरणादायक है। कार्यक्रम में भाजपा के शशि शेखर भी उपस्थित रहे। उन्होंने गौरव राय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वह समाज के लिए जो काम कर रहे हैं, वह दूसरों के लिए नजीर है। इस दौरान गौरव राय ने अपने सहकर्मी सागर को मिक्सी ग्राइंडर भी भेंट किया। शशि शेखर ने गौरव राय को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और उनकी लंबी उम्र की कामना की। वहीं, प्रीति प्रिया अपने साथ केक लेकर पहुंचीं, जिसका उपस्थित लोगों के बीच वितरण किया गया।

बिहार में 351 सिलाई मशीनों से स्वरोजगार को बढ़ावा

गौरव राय ने बताया कि अब तक पूरे बिहार में महिलाओं और लड़कियों को स्वरोजगार के लिए 351 सिलाई मशीनें दी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं सिलाई को स्वरोजगार के रूप में अपनाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में सिलाई मशीनें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। इससे वे घर से ही काम शुरू कर परिवार की आमदनी में योगदान दे सकती हैं। कार्यक्रम के अंत में गौरव राय ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया और सबके अच्छे भविष्य की कामना की। जन्मदिन के इस आयोजन में उपहारों के साथ जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाने और बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने का संदेश भी देखने को मिला।