पटना नगर निगम ने रचा इतिहास: म्यूनिसिपल बॉन्ड के जरिए जुटाए 199.99 करोड़, बिहार में पहली बार हुआ ऐसा कारनामा
पटना नगर निगम ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। निगम ने अपने पहले म्यूनिसिपल बॉन्ड के माध्यम से सफलतापूर्वक 199.99 करोड़ की राशि जुटाकर एक मील का पत्थर स्थापित किया है....
Patna : पटना नगर निगम ने शुक्रवार को अपने पहले म्यूनिसिपल बॉन्ड के माध्यम से सफलतापूर्वक 199.99 करोड़ की राशि जुटाकर एक ऐतिहासिक मील का पत्थर स्थापित किया है। यह बिहार राज्य का पहला म्यूनिसिपल बॉन्ड इश्यू है। 100.03 करोड़ के आधार निर्गम आकार (Base Issue Size) के मुकाबले इस बॉन्ड को निवेशकों से दोगुने से अधिक की भारी मांग प्राप्त हुई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के इलेक्ट्रॉनिक बिडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए निजी नियोजन प्रक्रिया के तहत जारी इन बॉन्डों पर 9.20 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर निर्धारित की गई है।
उच्च क्रेडिट रेटिंग और निवेशकों का मजबूत भरोसा
वर्तमान बाजार परिस्थितियों में, जहां ब्याज दरों में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है, पटना नगर निगम के इस बॉन्ड को निवेशकों का अभूतपूर्व समर्थन मिला है। इस म्यूनिसिपल बॉन्ड को इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च द्वारा ‘IND AA/Stable’ तथा एक्यूइट रेटिंग्स एंड रिसर्च द्वारा ‘ACUITE AA/Stable’ की उच्च क्रेडिट रेटिंग प्रदान की गई है। यह रेटिंग इस बात का प्रमाण है कि इन प्रतिभूतियों में वित्तीय दायित्वों का समय पर भुगतान करने की उच्च क्षमता है और इसमें ऋण जोखिम बेहद कम है, जो निगम की वित्तीय साख को दर्शाता है।
वेंडिंग जोन और व्यावसायिक परिसरों के पुनर्विकास पर खर्च होगी राशि
बॉन्ड के माध्यम से जुटाई गई इस पूंजी का उपयोग पटना शहर के बुनियादी ढांचे को सुधारने के लिए किया जाएगा। इसके तहत राजधानी में 15 नए वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे तथा पटना जंक्शन के आसपास के प्रमुख बाजारों का पुनर्विकास किया जाएगा। इन परियोजनाओं के तहत जर्जर बाजार संरचनाओं को आधुनिक व्यावसायिक परिसरों में बदला जाएगा, जिसमें अग्नि सुरक्षा, पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं, यातायात दबाव कम करने के लिए बेसमेंट पार्किंग, तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन और सौर ऊर्जा जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी।
निगम मुख्यालय में आयोजित विशेष बैठक में गूंजी सफलता की गूंज
इस ऐतिहासिक सफलता और बॉन्ड की सफल लिस्टिंग के उपलक्ष्य में पटना नगर निगम मुख्यालय स्थित सभागार में महापौर श्रीमती सीता साहू की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर उप महापौर श्रीमती रेशमी चंद्रवंशी, नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य, पार्षदगण और एनएसई के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने लाइव लिस्टिंग का अवलोकन किया। महापौर श्रीमती सीता साहू और नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा ने इसे निगम की संस्थागत विश्वसनीयता और पारदर्शिता का बड़ा प्रमाण बताया।
26 करोड़ की प्रोत्साहन राशि और भविष्य की अन्य महत्वाकांक्षी योजनाएं
इस म्यूनिसिपल बॉन्ड निर्गम के लिए ए. के. कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड ने एकमात्र मर्चेंट बैंकर के रूप में कार्य किया है। इस पहल के तहत पटना नगर निगम को भारत सरकार की ओर से लगभग 26 करोड़ की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि (Incentive) भी प्राप्त होगी। इसके अलावा, निगम न्यू मार्केट, खेतान मार्केट, आर्य कुमार रोड और ए.एन. कॉलेज में आधुनिक व्यावसायिक परिसरों, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, नागरिक सुविधा केंद्रों और वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट जैसी योजनाओं के जरिए अपने दीर्घकालिक राजस्व के नए स्रोत विकसित करने में जुटा है, जिससे भविष्य की विकास योजनाओं को गति मिलेगी।
अनिल की रिपोर्ट