ट्रेन छूटने के गुस्से में किया था 'बम' होने का फर्जी कॉल, एक्सप्रेस ट्रेन को उड़ाने की धमकी देनेवाला गिरफ्तार

हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल में बम की झूठी खबर फैलाने वाले प्रदीपन भट्टाचार्य को रेल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शराब के नशे में ट्रेन रुकवाने के लिए उसने यह अफवाह फैलाई थी।

ट्रेन छूटने के गुस्से में किया था 'बम' होने का फर्जी कॉल, एक

Patna - 10 अप्रैल 2026 को गाड़ी संख्या 13005 हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल एक्सप्रेस में बम होने की सूचना ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए। इस इनपुट के मिलते ही राजकीय रेल पुलिस (GRP) और आरपीएफ (RPF) की संयुक्त टीम ने पूरे ट्रेन की सघन तलाशी शुरू की, जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

तकनीकी सर्विलांस से दबोचा गया आरोपी

रेल मुख्यालय के डीएसपी भास्कर रंजन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन मोड में आ गई। तकनीकी टीम के सहयोग से उस मोबाइल लोकेशन को ट्रेस किया गया जहाँ से कॉल किया गया था। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान 44 वर्षीय प्रदीपन भट्टाचार्य के रूप में हुई है। आरोपी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का निवासी है।

ट्रेन छूटने का 'बदला' लेने की सनक

पूछताछ के दौरान आरोपी प्रदीपन ने जो खुलासा किया, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। आरोपी अपने साथियों के साथ अमृतसर जाने के लिए हावड़ा स्टेशन पहुँचा था, लेकिन उसकी ट्रेन मिस हो गई। ट्रेन छूटने के गुस्से और हताशा में वह एक होटल गया, जहाँ उसने शराब का सेवन किया और फिर पंजाब मेल को किसी तरह रुकवाने के लिए बम होने की झूठी कहानी रच डाली।

पकड़ने की थी दूसरी योजना

फर्जी कॉल करने के बाद आरोपी शांत नहीं बैठा। उसने सोचा कि ट्रेन रुक जाएगी तो वह दूसरी ट्रेन से आगे जाकर इसे पकड़ लेगा। इसी योजना के तहत वह बर्दवान पहुँचा ताकि वहाँ से वापस पंजाब मेल पर सवार हो सके। हालांकि, उसकी एक गलत चाल ने उसे रेलवे के सफर के बजाय जेल की सलाखों के पीछे पहुँचा दिया।

मोबाइल बरामद, कानूनी शिकंजा कसा

पुलिस ने आरोपी के पास से वह टच स्क्रीन मोबाइल फोन बरामद कर लिया है, जिससे उसने यह सनसनीखेज अफवाह फैलाई थी। रेल पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। इस एक कॉल की वजह से न केवल रेलवे को वित्तीय नुकसान हुआ, बल्कि सुरक्षा तंत्र को भी भारी मशक्कत करनी पड़ी।

रेल पुलिस की जनता से अपील

इस घटना के बाद रेल पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। डीएसपी भास्कर रंजन ने आम लोगों से अपील की है कि वे इस तरह की किसी भी शरारत या अफवाह का हिस्सा न बनें। ऐसी अफवाहें न केवल आम जनता की सुरक्षा को खतरे में डालती हैं, बल्कि यह एक गैर-जमानती और गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है जिसके लिए कड़ी सजा का प्रावधान है।


रिपोर्ट: अनिल, पटना