Weather Forecast: IMD का बड़ा अलर्ट, 12 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का खतरा, दिल्ली-बिहार-राजस्थान समेत कई राज्यों में बिगड़ेगा मौसम

Weather Forecast: IMD ने 22 जून को 12 राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में मौसम बिगड़ सकता है।

Weather Forecast
IMD का बड़ा अलर्ट- फोटो : social media

Weather Forecast: मौसम विभाग ने आज देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश के साथ आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार इन राज्यों में दिल्ली से लेकर जम्मू और कश्मीर तक कई इलाके शामिल हैं। बारिश के दौरान तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है। हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। खासकर पहाड़ी राज्यों जैसे हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बारिश के साथ बिजली चमकने और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 15 घंटे में मौसम तेजी से बदल सकता है।

आज जिन राज्यों में मौसम खराब रहने का अनुमान है उनमें बिहार, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, जम्मू और कश्मीर, हरियाणा, झारखंड, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और दिल्ली एनसीआरशामिल हैं। दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम विभाग ने राजधानी में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अनुमान जताया है। आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। रविवार को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 0.3 डिग्री ज्यादा था। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

बिहार में कैसा रहेगा मौसम का हाल?

बिहार में अभी भी गर्मी और हीटवेव का असर बना हुआ है। राजधानी पटना समेत कई जिलों में तेज गर्मी से लोग परेशान हैं। अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं दिखेगा। हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जिससे थोड़ी राहत मिलेगी। राजस्थान में अगले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। राजस्थान के झुंझुनू और श्रीगंगानगर समेत कई इलाकों में बारिश का अनुमान है। बारां जिले के अटरू में अच्छी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी बनी हुई है। तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

महाराष्ट्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून का आगमन

महाराष्ट्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल बने हुए हैं। मानसून पहले ही दक्षिण कोंकण तक पहुंच चुका है। अब बारिश बढ़ने के साथ इसके आगे बढ़ने की संभावना है। मुंबई में भी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है। वेस्ट बंगाल में मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। पूर्व बर्धमान, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और भारी बारिश की आशंका है। वहीं अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां भारी बारिश का खतरा ज्यादा है। इसके अलावा उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा और पुरुलिया के लोगों को भी सावधान रहने की सलाह दी गई है।

तमिलनाडु का क्या है हाल?

तमिलनाडु में अगले एक सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 22 जून से 28 जून तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। नीलगिरि, कोयंबटूर, डिंडीगुल, थेनी और कन्याकुमारी जिलों में भारी बारिश की संभावना है। मौजूदा मौसमीय हालात को देखते हुए राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है।