Bihar politics - बिहार सरकार के पूर्व मंत्री को विधानमंडल ने दी श्रद्धांजलि, विधानसभा अध्यक्ष ने कहा जनहित के लिए कई दूरदर्शी निर्णय

Bihar politics - बिहार के पूर्व परिवहन मंत्री आरएन सिंह को आज बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र के पहले दिन श्रद्धांजलि दी गई। विस अध्यक्ष ने उन्हें दूरदर्शी सोच वाला व्यक्ति बताया।

Bihar politics - बिहार सरकार के पूर्व  मंत्री को विधानमंडल न
बिहार के पूर्व मंत्री को दी गई श्रद्धांजलि।- फोटो : NEWS4NATION

Patna - आज बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र के दौरान सदन में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता स्वर्गीय आर. एन. सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।माननीय विधानसभा अध्यक्ष श्री नन्दकिशोर यादव सहित सभी माननीय विधायकों ने मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

विधान सभा अध्यक्ष ने स्व. दिवंगत पूर्व मंत्री आर. एन. सिंह जी के बारे में सदन में कहा कि वे पांच बार परबत्ता विधानसभा से विधायक निर्वाचित हुए तथा दो बार बिहार सरकार में परिवहन मंत्री के रूप में कार्य किया। मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल को जनहित में लिए गए ठोस एवं दूरदर्शी निर्णयों के लिए आज भी याद किया जाता है।

स्व. आर. एन. सिंह जी एक कुशल अभियंता, एक सिद्धांतनिष्ठ राजनीतिज्ञ और एक जमीनी जननेता थे। उनका राजनीतिक जीवन सेवा, सादगी और ईमानदारी से ओतप्रोत रहा। वे अंतिम पंक्ति के व्यक्ति की चिंता करने वाले नेता थे, जिन्होंने समाज में न्याय और विकास की स्थापना के लिए निरंतर संघर्ष किया। उन्होंने सत्ता को कभी साध्य नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम माना।

इस अवसर पर उनके सुपुत्र एवं परबत्ता विधानसभा से विधायक डॉ. संजीव कुमार ने बिहार विधानमंडल, माननीय अध्यक्ष महोदय एवं सभी विधायकों के प्रति अपनी ओर से हृदय से आभार व्यक्त किया।

विधायक डॉ संजीव कुमार ने कहा कि स्व. आर. एन. सिंह जी का संपूर्ण जीवन जनसेवा, सादगी और उच्च नैतिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। वे आज भी अपने विचारों, कार्यों और सिद्धांतों के माध्यम से जनमानस के हृदय में जीवित हैं।