Bihar JDU Neeraj Anant Singh controversy: पटना स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर अनंत सिंह -नीरज की जंग से JDU में खलबली! नीतीश के दरबार में पहुंची शिकायत, अब फैसले का इंतजार

Bihar JDU Neeraj Anant Singh controversy: पटना स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड के भीतर शुरू हुआ विवाद अब पार्टी नेतृत्व तक पहुंच गया है।...

Bihar JDU Neeraj Anant Singh controversy: पटना स्नातक एमएलसी
अनंत सिंह -नीरज की जंग की शिकायत नीतीश दरबार में - फोटो : reporter

Bihar JDU Neeraj Anant Singh controversy:  पटना स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड  के भीतर शुरू हुआ विवाद अब पार्टी नेतृत्व तक पहुंच गया है। मोकामा विधायक अनंत सिंह और जेडीयू एमएलसी व मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार के बीच चल रही खुली बयानबाजी ने पार्टी की सियासत को गरमा दिया है। अनंत सिंह ने पार्टी के घोषित उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोलते हुए जन सुराज समर्थित उम्मीदवार अनुज कुमार सिंह को समर्थन दिया है। वहीं, नीरज कुमार की ओर से भी अनंत सिंह के बयानों पर पलटवार किया गया है।

विवाद गहराने के बीच मंगलवार को जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं की गतिविधियां तेज रहीं। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और मंत्री श्रवण कुमार ने नीतीश कुमार से मुलाकात की। रिपोर्टों के मुताबिक, पार्टी के भीतर दोनों नेताओं के बीच चल रही तनातनी को सुलझाने की कोशिश भी हो रही है और उमेश कुशवाहा व श्रवण कुमार को इस मामले में भूमिका दी गई है।

मुलाकात के बाद प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि “कौन क्या बोल रहा है, सब हमारे संज्ञान में है।” उन्होंने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता विधान परिषद की सभी आठ सीटों पर एनडीए के उम्मीदवारों को जीत दिलाना है। उनका कहना था कि पार्टी में कौन क्या कह रहा है, इसकी जानकारी नेतृत्व को है और पूरा मामला संज्ञान में है।

वहीं, मंत्री श्रवण कुमार ने नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद कहा कि अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रही पूरी बात शीर्ष नेतृत्व के संज्ञान में डाल दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि “यह नहीं होना चाहिए, लेकिन ऐसा हो रहा है।” श्रवण कुमार के मुताबिक, पार्टी के बड़े नेता इस मामले पर निर्णय लेंगे और क्या फैसला लिया जाएगा, इसकी जानकारी बाद में दी जाएगी।

जेडीयू के भीतर इस विवाद की सबसे बड़ी वजह पटना स्नातक सीट पर उम्मीदवार को लेकर सामने आई असहमति है। पार्टी ने नीरज कुमार को इस सीट से उम्मीदवार बनाया है, जबकि अनंत सिंह ने उनके खिलाफ रुख अपनाते हुए जन सुराज के उम्मीदवार अनुज कुमार सिंह का समर्थन किया है।

अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच पहले से चली आ रही राजनीतिक तल्खी के बीच एमएलसी चुनाव ने विवाद को और सार्वजनिक कर दिया है। अब मामला सिर्फ दो नेताओं की बयानबाजी तक सीमित नहीं दिख रहा, बल्कि पार्टी अनुशासन और चुनावी रणनीति से भी जुड़ गया है।

फिलहाल जेडीयू नेतृत्व की ओर से अनंत सिंह के खिलाफ किसी अनुशासनात्मक कार्रवाई की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में निगाहें नीतीश कुमार और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी हैं। पार्टी नेतृत्व क्या दोनों नेताओं के बीच सुलह कराता है या विवाद पर कोई संगठनात्मक फैसला लेता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।

रिपोर्ट- अभिजीत कुमार सिंह