Patna Crime: प्रेम प्रसंग में खूनी खेल, महिला के गले पर चाकू से वार, आरोपी फरार
Patna Crime: प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में एक महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है।...
Patna Crime: राजधानी पटना में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में एक महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। परसा बाजार थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल महिला और आरोपी राजकुमार यादव के बीच पिछले कुछ समय से नजदीकियां थीं। घटना से करीब दो दिन पहले भी राजकुमार महिला के साथ था और उसके लिए कपड़े खरीदकर दिए थे। सोमवार को गांधी मैदान इलाके में प्रदर्शन के कारण राजकुमार वहां नहीं जा सका। इसके बाद उसने महिला को कपड़े सिलवाने के लिए कुरथौल बुलाया था।
बताया जा रहा है कि महिला के कुरथौल पहुंचने के बाद दोनों की मुलाकात एक मुर्गी दुकान के पास हुई। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में राजकुमार ने दुकान से मुर्गा काटने वाला धारदार हथियार उठाया और महिला के गले पर वार कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घायल महिला मूल रूप से जहानाबाद के घोसी इलाके की रहने वाली बताई जा रही है और फिलहाल न्यू इतवारपुर में किराये के मकान में रह रही थी। पुलिस के मुताबिक, महिला का पति भी इसी इलाके में किराये पर रहता था। इसी दौरान महिला की पहचान राजकुमार यादव से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि महिला के पति को दोनों के बीच बढ़ती नजदीकियों की भनक लग गई थी। इसके बाद उसने न्यू इतवारपुर का मकान खाली कर गांधी मैदान इलाके में रहने लगा। हालांकि, ठिकाना बदलने के बावजूद महिला और राजकुमार के बीच मुलाकात का सिलसिला जारी रहा।
पटना सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि वारदात के बाद परसा बाजार थाना पुलिस आरोपी राजकुमार यादव की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों और दुकानदारों से पूछताछ कर रही है। साथ ही वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हमले की असली वजह और विवाद की पूरी कहानी स्पष्ट हो सकेगी।
अनिल की रिपोर्ट