Bihar Politics : भाजपा से मिल गए हैं जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, इनको बनाना चाहते हैं मुख्यमंत्री, सांसद पप्पू यादव ने लगाया आरोप
Bihar Politics : जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा भाजपा से मिल गए हैं. इसके लिए जदयू को बेच दिया है. सांसद पप्पू यादव ने गंभीर आरोप लगाया है.....पढ़िए आगे

PATNA : पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव का विवादों से पुराना नाता है। एक बार फिर उन्होंने जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा पर गंभीर आरोप लगाकर नया विवाद खड़ा कर दिया हैं। उन्होंने कहा कि संजय झा ने भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर अपनी ही पार्टी के साथ विश्वासघात किया है।
संजय झा पर बीजेपी से मिलीभगत का आरोप
पप्पू यादव के अनुसार, संजय झा बीजेपी को फायदा पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संजय झा, सम्राट चौधरी को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने के लिए अपनी पार्टी को 'बेच' रहे हैं।
यादव ने आगे कहा कि संजय झा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं का सौदा कर रहे हैं, ताकि सम्राट चौधरी के लिए सत्ता की राह आसान हो सके। हालांकि, उन्हें यह भी लगता है कि हम किसी भी कीमत पर बीजेपी के नेता को मुख्यमंत्री नहीं बनने देंगे, और इसी वजह से मेरी जान का सौदा करना चाहते है।
'जान का सौदा' और 'साजिश' का आरोप
पप्पू यादव ने दावा किया कि उनके रहते सीमांचल, कोसी और मिथिला क्षेत्र में बीजेपी को नुकसान होगा, इसलिए दो बड़े राजनेता और दो बड़े अधिकारी मिलकर उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इसी साजिश के तहत, एक महीने पहले मिली उनकी Y+ श्रेणी की सुरक्षा को वापस ले लिया गया है।
नया विवाद
पप्पू यादव के इन आरोपों ने बिहार की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। यह देखना दिलचस्प होगा कि जदयू और बीजेपी इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।