Bihar Politics: JDU छोड़ अब इस पार्टी में जाएंगे केसी त्यागी, सीएम नीतीश का छोड़ा साथ, जानिए किस बात से हैं नाराज

Bihar Politics: जदयू के वरिष्ठ नेता के.सी. त्यागी आज बड़ा सियासी फैसला ले सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, वह जदयू छोड़ इस पार्टी में शामिल हो सकते हैं। जिससे बिहार की राजनीति में नई हलचल तेज होने के संकेत हैं।

केसी त्यागी
केसी त्यागी थामेंगे इस पार्टी का हाथ - फोटो : social media

Bihar Politics: बिहार की राजनीति से बड़ी खबर सामने आ रही है। मिली जानकारी अनुसार जदयू पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी आज नई पार्टी में शामिल हो सकते हैं। हाल ही में उन्होंने खुलासा किया था कि जदयू में उनकी सदस्यता खत्म हो चुकी है और उन्होंने अपनी सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया है। वहीं अब सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार, वह राष्ट्रीय लोक दल (RLD) का दामन थाम सकते हैं। दिल्ली के मावलंकर हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इसकी औपचारिक घोषणा होने की संभावना है, जिसमें पार्टी प्रमुख जयंत चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

जदयू से क्यों बढ़ी दूरी

बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले से त्यागी नाराज थे। उन्होंने हाल ही में जदयू की सदस्यता का नवीनीकरण भी नहीं कराया था। इससे पहले 1 सितंबर 2024 को उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से भी हटा दिया गया था, जिसके बाद से उनका पार्टी में कद कम होता दिखा।

RLD से पुराने संबंध

जयंत चौधरी पहले ही त्यागी को अपना पुराना साथी बता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि त्यागी का जुड़ाव चौधरी चरण सिंह और चौधरी अजित सिंह के साथ रहा है। दोनों नेताओं के बीच हाल के दिनों में बातचीत भी हुई है, जिससे उनके RLD में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। दिल्ली में आयोजित “किसान समृद्धि गोष्ठी” के निमंत्रण पत्र में के.सी. त्यागी और जयंत चौधरी की तस्वीरें साथ दिखने से इस सियासी बदलाव के संकेत पहले ही मिल चुके थे।

यूपी-बिहार की राजनीति पर असर

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, अगर के.सी. त्यागी RLD में शामिल होते हैं, तो इसका असर खासतौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति पर पड़ सकता है। किसान राजनीति और जाट बेल्ट में उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है, जिससे RLD को आगामी चुनावों में फायदा मिल सकता है। के.सी. त्यागी का यह कदम उनकी राजनीतिक पारी में नया अध्याय खोल सकता है और यूपी-बिहार की सियासत में नई हलचल पैदा कर सकता है।

दिल्ली से धीरज की रिपोर्ट