Bihar News: कार्मेल हाई स्कूल में केजी–I ओरिएंटेशन का हुआ आयोजन, बेहतर परवरिश और प्रारंभिक शिक्षा पर दिया गया जोर
Bihar News: पटना के कार्मेल हाई स्कूल में आयोजित केजी–I ओरिएंटेशन कार्यक्रम के जरिए अभिभावकों को बेहतर परवरिश और प्रारंभिक शिक्षा के महत्व से अवगत कराया गया। कार्यक्रम नन्हे विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा की सार्थक शुरुआत के रूप में आयोजित हुआ
Bihar News: राजधानी के कार्मेल हाई स्कूल में शनिवार (28 मार्च 2026) को केजी–I कक्षा के विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए एक व्यापक ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नन्हे विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा की सार्थक शुरुआत के रूप में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद प्रार्थना गीत, प्रार्थना नृत्य और स्वागत गीत की प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को सकारात्मक और उत्साहपूर्ण बना दिया।
प्रारंभिक शिक्षा पर प्रकाश
विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर मृदुल ए.सी. ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए प्रारंभिक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के पहले शिक्षक के रूप में अपनी भूमिका निभाने की सलाह दी और अनुशासन, मूल्य आधारित परवरिश, सीमित स्क्रीन टाइम तथा बच्चों के साथ गुणवत्तापूर्ण संवाद पर विशेष जोर दिया।
मिशन और मूल्यों को किया गया साझा
संसाधन व्यक्ति डॉ. विमलेंदु ने अभिभावकों को सकारात्मक प्रोत्साहन, भावनात्मक जुड़ाव और घर में सहयोगी शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के व्यावहारिक सुझाव दिए। प्री-प्राइमरी समन्वयक सिस्टर लिली डी’सूजा ने विद्यालय की दृष्टि, मिशन और मूल्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने कृतज्ञता, मानव जीवन के प्रति सम्मान और महिला सशक्तिकरण जैसे मूल्यों को बच्चों के विकास में महत्वपूर्ण बताया।
विद्यालय की सराहना
शिक्षक समन्वयक नमिता ने पाठ्यक्रम और दैनिक दिनचर्या की विस्तृत जानकारी देते हुए विद्यालय और अभिभावकों के बीच तालमेल को बच्चों के समग्र विकास के लिए आवश्यक बताया। कार्यक्रम के दौरान एक इंटरैक्टिव सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें अभिभावकों ने शिक्षकों के साथ संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम का समापन अभिभावक डॉ. रिक्षिका सांवरी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने इस उपयोगी पहल के लिए विद्यालय की सराहना की।