Bihar News: बिहार के कुख्यात में कोर्ट में कर दिया सरेंडर, पुलिस देखती रह गई...पटना के कई थाने सहित झारखंड का भी है वांटेड...
Bihar News: बिहार के कुख्यात अपराधी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। कुख्यात पर पटना सहित कई थानों में केस दर्ज है। यह पटना के साथ साथ झारखंड का भी वांटेड है...

Bihar News: बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। अपराधी एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। वहीं पुलिस मामले का खुलासा करने में जुटी ही रह रही है कि अपराधी नई वारदात को अंजाम दे देते हैं। कई बार पुलिस कुख्यातों की तलाश में रहती है और कुख्यात आसानी से पुलिस को गुमराह करते हैं और फिर कोर्ट में जाकर सरेंडर कर देते हैं। एक बार फिर पुलिस को महीनों चकमा देने के बाद कुख्यात अपराधी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
कुख्यात ने कोर्ट में किया सरेंडर
दरअसल, मामला चर्चित जमीन कारोबारी सत्येंद्र सिंह हत्याकांड से जुड़ा है। इस हत्याकांज का मुख्य आरोपी बिट्ट सिंह उर्फ रंजीत ने मंगलवार को पटना सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। बिट्ट सिंह पर पटना और झारखंड के बोकारो में हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों राज्यों की पुलिस कुख्यात की तलाश लंबे समय से कर रही थी।
मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई थी हत्या
7 दिसंबर 2023 को बेउर थाना क्षेत्र के बतौड़ा निवासी सत्येंद्र सिंह की सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात में कुख्यात अपराधी बिट्ट सिंह का नाम सामने आया था। पुलिस ने इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन मुख्य शूटर विपुल महतो अब भी फरार है।
सरेंडर से पहले बोकारो में भी की थी हत्या
सत्येंद्र सिंह की हत्या के बाद बिट्ट सिंह फरार होकर झारखंड के बोकारो चला गया था। जहां उसने सेक्टर-9 में स्क्रैप कारोबारी शंकर हरवानी की भी हत्या कर दी थी। बोकारो पुलिस ने उसके कई ठिकानों पर छापेमारी की लेकिन वह लगातार बचता रहा और अंततः पटना में कोर्ट के जरिए सरेंडर कर दिया।
शूटर विपुल महतो पर इनाम घोषित
इस हत्याकांड में शामिल मुख्य शूटर विपुल महतो अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। पटना पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। पुलिस को जानकारी मिली थी कि हत्या के बाद बिट्ट सिंह विपुल महतो को लेकर बोकारो चला गया था। वहीं बिट्ट सिंह पर बुद्धा कॉलोनी, बेउर, एसके पुरी, कोतवाली, गर्दनीबाग सहित पटना के कई थानों में हत्या, हत्या की कोशिश, रंगदारी और जमीन कब्जे जैसे गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। झारखंड पुलिस भी उसके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमों की जांच कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
फिलहाल बिट्ट सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, फरार शूटर विपुल महतो की तलाश में पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है। पटना पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।