Budget Session 2026: बजट पेश होने से पहले राजभवन में जुटे पक्ष विपक्ष के नेता, राज्यपाल के ओर से आयोजित ब्रेकफास्ट में पहुंचे सीएम नीतीश
Budget Session 2026:
Budget Session 2026: बजट सत्र के दौरान मंगलवार को राजभवन में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान की ओर से ब्रेकफास्ट और आईटी से जुड़ा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ-साथ सरकार के कई मंत्री, सत्तापक्ष और विपक्ष के विधायक, बिहार विधानसभा अध्यक्ष, बिहार विधान परिषद के सभापति और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने शिरकत की।
राजभवन में जुटे पक्ष-विपक्ष के नेता
राजभवन पहुंचने पर राज्यपाल ने सभी अतिथियों की अगवानी की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कार्यक्रम में समय पर पहुंचे और अन्य गणमान्य लोगों के साथ आईटी से जुड़े प्रस्तुतीकरण और ब्रेकफास्ट कार्यक्रम में भाग लिया। आयोजन के दौरान सत्ता और विपक्ष के नेताओं ने एक-दूसरे से मुलाकात की और सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला।
विधानसभा अध्यक्ष ने की सराहना
इस मौके पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि यह एक बहुत अच्छी परंपरा है, जिसमें सभी दलों के लोग एक ही स्थान पर एकत्रित होते हैं और आपसी संवाद का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम से लोकतांत्रिक मर्यादाएं मजबूत होती हैं और इसके लिए वे राज्यपाल का धन्यवाद करते हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने बताया सकारात्मक पहल
वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि एनडीए सरकार बनने के बाद से इस तरह की व्यवस्था की गई है। जब सभी लोग एक जगह मिलते हैं तो सरकार और राजनीति से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत होती है। उन्होंने इसे एक सकारात्मक और उपयोगी पहल बताया।
पटना से अभिजीत की रिपोर्ट