CLAT परीक्षा में 'Legal Edge Patna' का बजा डंका: देश भर के टॉप-10 में 7 और टॉप-100 में 51 विद्यार्थियों ने मारी बाजी
Patna : देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों (NLU) में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली क्लैट (CLAT- 2026) परीक्षा में पटना के प्रमुख कोचिंग संस्थान 'लीगल एज' (Legal Edge) के छात्र-छात्राओं ने अपनी सफलता का परचम लहराया है। इस वर्ष की परीक्षा में संस्थान का प्रदर्शन बेहद शानदार और ऐतिहासिक रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर जारी परिणामों में देश भर के टॉप 10 मेधावियों में से 7 छात्र और टॉप 100 में से रिकॉर्ड 51 विद्यार्थी अकेले लीगल एज संस्थान से जुड़े हैं। इस बड़ी कामयाबी से बिहार के शिक्षा जगत और कानून की पढ़ाई का सपना देखने वाले युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
इस अभूतपूर्व परीक्षा में सफलता का परचम लहराने वाले होनहार विद्यार्थियों के लिए आज, यानी 15 मई 2026 को पटना के ऐतिहासिक तारामंडल (इंदिरा गांधी विज्ञान परिसर) के सभागार कक्ष में एक भव्य 'सम्मान सह विदाई समारोह' का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी कार्यक्रम के दौरान क्लैट-2026 की परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-1 (AIR-1) हासिल करने वाली मेधावी छात्रा गीताली को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके साथ ही लीगल एज पटना के उन सभी सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिनका चयन देश के शीर्ष विधि विश्वविद्यालयों जैसे एनएलयू (NLU) बैंगलोर, हैदराबाद, कोलकाता, गांधीनगर, जोधपुर और दिल्ली के लिए हुआ है।
सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान सभी सफल छात्र-छात्राओं को उनकी कड़ी मेहनत और सफलता के प्रतीक स्वरूप ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस विशेष अवसर पर संस्थान द्वारा 'टॉपर्स टॉक' (Toppers Talk) सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त गीताली सहित अन्य शीर्ष रैंकर्स ने परीक्षा की तैयारी कर रहे अपने जूनियर साथियों के साथ सफलता के मूल मंत्र साझा किए। टॉपर्स ने बताया कि कैसे सही रणनीति, नियमित मॉक टेस्ट और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन से देश की इस सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक को क्रैक किया जा सकता है।
कार्यक्रम का माहौल उस समय बेहद भावुक और ऊर्जावान हो गया जब तालियों की गड़गड़ाहट और माता-पिता की मौजूदगी के बीच सफल बच्चों को उनके स्वर्णिम भविष्य की शुभकामनाओं के साथ विदाई दी गई। शिक्षकों ने बच्चों का मुंह मीठा कराया और उन्हें देश के विभिन्न राज्यों में स्थित शीर्ष लॉ यूनिवर्सिटीज में जाकर बिहार का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि बिहार के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही दिशा और राष्ट्रीय स्तर के संसाधनों की जरूरत होती है जो यह संस्थान लगातार मुहैया करा रहा है।
इस ऐतिहासिक और गौरवशाली सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संस्था के चीफ मेंटर भूपेश कुमार ने 'लीगल एज' की इस बड़ी उपलब्धि का पूरा श्रेय छात्रों की अटूट मेहनत और शिक्षकों की समर्पित टोली को दिया। उन्होंने बेहतरीन अध्यापन और मार्गदर्शन के लिए शिक्षकों की पूरी टीम की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने पटना केंद्र के सफल संचालन और बच्चों को उत्कृष्ट शैक्षणिक माहौल देने के लिए सेंटर डायरेक्टर (केंद्र निदेशक) निशांत कुमार और अंकुर सिंह को विशेष रूप से बधाई व शुभकामनाएं दीं।
अभिजीत की रिपोर्ट