राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल : बड़े पैमाने पर अंचलाधिकारी और उसके समकक्ष अधिकारियों का तबादला, अधिसूचना जारी
बिहार में एकबार फिर बड़ा प्रशासनिक फेर-बदल हुआ है। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने बिहार राजस्व सेवा के अधिकारियों का बड़े पैमाने पर स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया है। विभाग द्वारा इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है....
Patna : बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने बिहार राजस्व सेवा के अधिकारियों का बड़े पैमाने पर स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया है। विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, अंचल अधिकारियों (CO) तथा उनके समकक्ष पद पर कार्यरत अधिकारियों को नए स्थानों पर तैनात किया गया है।
सुश्री पृथा अक्षौरी बनीं नालंदा के बेन अंचल की नई अंचलाधिकारी
जारी सूची के अनुसार, मटहानी (बेगूसराय) की अंचल अधिकारी रहीं सुश्री पृथा अक्षौरी को स्थानांतरित करते हुए नालंदा जिले के बेन अंचल का नया अंचलाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा, नालंदा जिले के रहने वाले श्री चन्दन कुमार, जिन्होंने जिला मुख्यालय में योगदान दिया था, उन्हें लखीसराय बंदोबस्त कार्यालय में राजस्व अधिकारी-सह-कानूनगो के पद पर भेजा गया है।
लखीसराय, अरवल और गया समेत कई जिलों में बदले गए अधिकारी
प्रशासनिक बदलाव के तहत चानन (लखीसराय) के सीओ रवि प्रसाद पासवान को गया बंदोबस्त कार्यालय में सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि उनकी जगह सुश्री पल्लवी कुमारी गुप्ता को चानन का नया सीओ बनाया गया है। इसी तरह अरवल बंदोबस्त कार्यालय में तैनात मृत्युंजय कुमार को सूर्यगढ़ा (लखीसराय) का अंचलाधिकारी तथा श्री स्वतंत्र कुमार को मधेपुरा भेजा गया है।
अन्य प्रमुख सीओ और राजस्व अधिकारियों के पदस्थापन की स्थिति
मुजफ्फरपुर से स्थानांतरित होकर रोहन रंजन सिंह लखीसराय के पिपरिया अंचल के नए सीओ बने हैं, वहीं पिपरिया के निवर्तमान सीओ प्रवीण अनुरंजन को दरभंगा बंदोबस्त कार्यालय भेजा गया है। इसके अतिरिक्त, मधुबनी के पवन कुमार साह को पटना जिले के बख्तियारपुर अंचल का नया अंचलाधिकारी बनाया गया है।


प्रशासनिक कार्यों और भूमि सर्वेक्षण को गति देने की पहल
विभागीय सूत्रों के अनुसार, राज्य में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण और अंचल कार्यालयों के कामकाज में पारदर्शिता और तेजी लाने के उद्देश्य से यह स्थानांतरण किया गया है। विभाग ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को अपने नए पदस्थापन स्थल पर अविलंब योगदान देने का निर्देश दिया है।
रंजीत की रिपोर्ट