लोजपा (आर) में बड़ी संगठनात्मक घोषणा: सुनील यादव बने प्रदेश अध्यक्ष, शंकर शर्मा को मिली राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया गया है। पार्टी के पिछड़ा एवं अति पिछड़ा प्रकोष्ठ दो बड़े बदलाव करते हुए बिहार प्रदेश की कमान सुनील यादव को सौंपी गई है। वहीं शंकर शर्मा को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेवाही दी गई है....

लोजपा (आर) में बड़ी संगठनात्मक घोषणा: सुनील यादव बने प्रदेश
लोजपा (आर) संगठन में बड़ा बदलाव- फोटो : वंदना

Patna : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के पिछड़ा एवं अति पिछड़ा प्रकोष्ठ में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया गया है। प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश चंद्र ने सुनील यादव को बिहार पिछड़ा एवं अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया है। पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्हें इस नई जिम्मेदारी का मनोनयन पत्र सौंपा गया, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।


पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शंकर शर्मा बने राष्ट्रीय महासचिव

संगठन के विस्तार और अनुभव को प्राथमिकता देते हुए पार्टी नेतृत्व ने प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शंकर शर्मा को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें पिछड़ा एवं अति पिछड़ा प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि शंकर शर्मा के लंबे संगठनात्मक अनुभव का लाभ अब राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी को मिलेगा।


संगठन को मजबूती देने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं

मनोनयन पत्र सौंपने के अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश चंद्र ने दोनों नव-नियुक्त नेताओं को बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सुनील यादव और शंकर शर्मा के अनुभव, सक्रियता तथा संगठन के प्रति अटूट समर्पण से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को बिहार के साथ-साथ पूरे देश में एक नई ताकत और मजबूती मिलेगी।


पिछड़ा व अति पिछड़ा समाज के अधिकारों की लड़ाई तेज करने का संकल्प

नई जिम्मेदारी मिलने पर श्री सुनील यादव ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करेंगे। साथ ही, बिहार के पिछड़ा एवं अति पिछड़ा समाज के हितों, मान-सम्मान और अधिकारों की आवाज को हर मंच पर मजबूती से उठाने का काम करेंगे।


पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर, नेताओं ने दी बधाई

राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने पर शंकर शर्मा ने भी केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि वे देश भर में संगठन के विस्तार और समाज के शोषित-वंचित वर्गों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। इस मनोनयन के बाद लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों वरिष्ठ नेताओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।


वंदना की रिपोर्ट