साइबर थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी, बैंक क्रेडिट कार्ड व बिजली बिल अपडेट के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले 4 साइबर अपराधी को दबोचा
पटना की साइबर थाना पुलिस ने एक बड़े साइबर ठग गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के चार शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। ये सभी एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड का लिमिट बढ़ाने और बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर लोगों के अपना शिकार बनाते थे....
Patna : पटना साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर ठगी का गिरोह चलाने वाले चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई पटना साइबर थाना कांड संख्या 1269/26, दिनांक 21 सितंबर 2026 के तहत दर्ज मामले के आधार पर की गई है। पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर छापेमारी कर इस गिरोह के चार सदस्यों को रंगे हाथों दबोच लिया।
क्रेडिट कार्ड लिमिट और बिजली बिल अपडेट के नाम पर झांसा
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह गिरोह एक्सिस बैंक (Axis Bank) के क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने, नया बैंक खाता खुलवाने, क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड प्वाइंट भुनाने तथा बिजली बिल अपडेट करने का झांसा देकर आम लोगों से लाखों-करोड़ों रुपये की ठगी करता था। गिरोह के सदस्य फर्जी कॉल और मैसेज भेजकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे और गोपनीय बैंकिंग विवरण हासिल कर उनके खातों से पैसे साफ कर देते थे।
विभिन्न राज्यों में फैला नेटवर्क, करोड़ों की ठगी के मामले दर्ज
तकनीकी अनुसंधान और प्राथमिक जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह साइबर गिरोह न केवल बिहार, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों में सक्रिय था। आरोपियों के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में करोड़ों रुपये की साइबर ठगी से संबंधित दर्जनों शिकायतें और प्राथमिकी दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों के पास से कई स्मार्ट मोबाइल फोन, बैंक चेकबुक तथा अन्य आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री बरामद की गई है, जिसकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।
गिरफ्तार अपराधियों का विवरण
साइबर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है।
- प्रतोष कुमार – (निवासी: जिला शेखपुरा)
- गुड्डू कुमार – (निवासी: जिला नालंदा)
- अंशु कुमार – (निवासी: जिला नालंदा)
- विपिन कुमार – (निवासी: जिला पटना)
आगे की कानूनी कार्रवाई और पुलिस अपील
पुलिस फिलहाल गिरफ्तार अपराधियों के बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन तथा गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों (फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंकेज) को खंगाल रही है, ताकि इस नेटवर्क में शामिल अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया जा सके। पटना पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनजान नंबरों से आए क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने, रिवॉर्ड पॉइंट क्लेम करने या बिजली बिल अपडेट करने वाले मैसेज व कॉल पर अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करें और किसी भी ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 या स्थानीय साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
रंजीत की रिपोर्ट