बिहार सरकार की ‘अभियान बसेरा’ पहल का रोलोमो ने किया स्वागत, कहा-भूमिहीन परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण
बिहार सरकार ने गरीब और भूमिहीन परिवारो को आवासीय भूमि उपलब्ध कराने के लिए अभियान बसेरा की शुरुआत की गई है। इधर सरकार की इस पहल का राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने स्वागत करते हुए गरीबों के लिए एक बड़ा कदम बताया है....
Patna : बिहार की सम्राट सरकार द्वारा राज्य के गरीब एवं भूमिहीन परिवारों को आवासीय भूमि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘अभियान बसेरा’ का राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) ने पुरजोर स्वागत किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने इस संबंध में बयान जारी करते हुए कहा कि यह महत्वाकांक्षी अभियान बिहार के गरीब, शोषित, वंचित और भूमिहीन परिवारों के लिए उम्मीद की एक नई किरण लेकर आया है।
'अपना घर होना सम्मानजनक जीवन का मूल आधार': उपेंद्र कुशवाहा
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि प्रत्येक परिवार के पास अपना आशियाना होना उनके सम्मानजनक जीवन का मूल अधिकार एवं आधार है। राज्य में लंबे समय से ऐसे कई भूमिहीन परिवार हैं, जिनके पास घर बनाने के लिए अपनी जमीन तक उपलब्ध नहीं थी। ऐसे जरूरतमंद परिवारों को चिन्हित कर उन्हें आवासीय भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की यह पहल ऐतिहासिक है। इससे न केवल गरीब परिवारों को सामाजिक स्थायित्व और सुरक्षा मिलेगी, बल्कि वर्षों से अपने घर का सपना देख रहे लोगों का सपना साकार होगा।
पारदर्शिता और शत-प्रतिशत क्रियान्वयन की मांग
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष ने राज्य सरकार और संबंधित प्रशासनिक अमले से आग्रह किया कि इस अभियान को पूरी तरह से पारदर्शी और प्रभावी ढंग से लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि जमीनी स्तर पर सही और पात्र भूमिहीन परिवारों की पारदर्शी तरीके से पहचान की जाए, ताकि राज्य के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक इस योजना का सीधा लाभ बिना किसी अड़चन के पहुंच सके।
आशियाना केवल आवास नहीं, सम्मान व सुरक्षा का प्रतीक: रजनीश कुमार
वहीं, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता रजनीश कुमार ने कहा कि ‘अभियान बसेरा’ राज्य के गरीब और भूमिहीन वर्ग के सामाजिक और आर्थिक उत्थान में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के पास अपना घर होना केवल सिर पर छत मिलने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उसके सामाजिक सम्मान, सुरक्षा और एक बेहतर एवं सुरक्षित भविष्य की नींव रखता है।
ठोस और समयबद्ध कार्रवाई की उम्मीद
प्रदेश प्रवक्ता रजनीश कुमार ने उम्मीद जताई कि बिहार सरकार इस अभियान को पूरी गंभीरता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी को विश्वास है कि प्रशासनिक तत्परता के साथ राज्य के प्रत्येक पात्र भूमिहीन परिवार को समयबद्ध तरीके से जमीन आवंटित कर उन्हें अपना आशियाना मुहैया कराने की दिशा में ठोस कार्रवाई की जाएगी।
नरोत्तम की रिपोर्ट