मनेर के छिहत्तर गांव में नवनिर्मित सड़क में आई बड़ी दरारें, ग्रामीणों का घटिया निर्माण का आरोप
पटना के मनेर (छिहत्तर गांव) में नवनिर्मित पुल की अप्रोच रोड बनने के तुरंत बाद ही फटने लगी है! सड़क में आई बड़ी-बड़ी दरारों की वजह से रोजाना हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने ठेकेदार पर घटिया सामग्री और धांधली के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पटना जिले के मनेर क्षेत्र अंतर्गत किता चौहत्तर पूर्वी पंचायत स्थित छिहत्तर गांव में प्रशासन और निर्माण एजेंसी की बड़ी लापरवाही सामने आई है। गांव में हाल ही में बने नए पुल के दोनों तरफ की अप्रोच रोड (सड़क) में अचानक बड़ी-बड़ी और गहरी दरारें आ गई हैं। समय बीतने के साथ-साथ सड़क में बनी ये दरारें घटने के बजाय लगातार चौड़ी और गहरी होती जा रही हैं, जिससे निर्मित संरचना के ध्वस्त होने का खतरा मंडराने लगा है।
राहगीरों के लिए बनी आफत, आए दिन हो रहे हादसे
सड़क के बीचों-बीच आई इन विशाल दरारों के कारण स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा खतरा दोपहिया वाहन चालकों के लिए बना हुआ है, जो आए दिन इन दरारों में फंसकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। रात के अंधेरे में उचित रोशनी न होने के कारण यह मार्ग यात्रियों के लिए एक तरह से जानलेवा साबित हो रहा है।

ग्रामीणों में आक्रोश, घटिया निर्माण और अनियमितता का आरोप
सड़क की इस जर्जर स्थिति को लेकर किता चौहत्तर पूर्वी पंचायत और छिहत्तर गांव के निवासियों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का स्पष्ट तौर पर आरोप है कि ठेकेदार और संबंधित विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत के कारण निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितता बरती गई है। घटिया सामग्री के इस्तेमाल और मानकों की अनदेखी के चलते ही नई-नवेली सड़क पहली बारिश या सामान्य आवाजाही भी नहीं झेल सकी और धंसने लगी।
खानापूर्ति नहीं, ठोस मरम्मत की उठाई मांग
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इस सड़क का केवल ऊपरी तौर पर साधारण मरम्मत कार्य किया गया, तो यह ज्यादा दिन टिक नहीं पाएगा और फिर से दरारें पड़ जाएंगी। ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क को पूरी तरह नीचे से मजबूत करते हुए कंक्रीट ढलाई (PCC) की जाए और मजबूती के लिए किनारे बोल्डर पिचिंग का काम कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक नीचे से मजबूत आधार बनाकर बोल्डर पिचिंग नहीं होगी, तब तक यह अप्रोच रोड टिकाऊ नहीं बन सकता।
सुमित कुमार की रिपोर्ट