बाढ़ की लाई, बड़हिया के रसगुल्ला, मनेर के लड्डू, गया के तिलकुट सहित कई मिठाइयों को मिलेगा जीआई टैग, विधानसभा में लगेगी प्रदर्शनी
विधानसभा में बिहार के विभिन्न इलाकों की मिठाइयों को जीआई टैग दिलाने की मांग पर सोमवार को सदन में अनोखी बहस देखने को मिली.
Bihar Vidhan Sabha : बिहार विधानसभा में सोमवार को रसगुल्ला, लड्डू, खोबी (लाय) जैसी मिठाइयों के नाम पर मिठासपूर्ण माहौल में सत्ता और विपक्ष के सदस्यों के बीच खूब बहसबाजी हुई. बिहार के विभिन्न क्षेत्रों के खाद्य उत्पादों को जीआई टैग दिलाने के मुद्दे पर सदन में विनोदपूर्ण माहौल में कई सदस्यों ने सवाल उठाया. बाढ़ के विधायक सियाराम सिंह ने बाढ़ के लाय को GI टैग दिलाने के संबंध में सवाल पूछा.
मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि इसके लिए बिहार कृषि विश्विद्यालय सबौर, भागलपुर की ओर से चेन्नई स्थित जीआई केंद्र को आवेदन भेजा गया है. इसी पर विधानसभा स्पीकर प्रेम कुमार ने गया जी के तिलकुट को GI टैग देने की माँग की. इसके बाद डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने लखीसराय के बड़हिया के रसगुला को GI टैग देने की माँग की. वहीं राजद के भाई वीरेंद्र ने मनेर के लड्डू को जीआई टैग दिलाने की मांग की. वहीं कई अन्य सदस्यों की ओर से भी इसी प्रकार की मांग की गई.
इस पर मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि हर इलाके के विधायक अपने इलाके की मिठाई का बता दें. GI टैग दिलाने का काम किया जायेगा. वहीं उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने बिहार के विभिन्न इलाकों के खाद्य उत्पादों की प्रदर्शनी वसंत उत्सव में शामिल करने का सुझाव दिया. इस पर स्पीकर प्रेम कुमार ने कहा कि 25 फरवरी को आयोजित कार्यक्रम में इस प्रकार की प्रदर्शनी लगाई जाएगी
रंजन की रिपोर्ट