जीवन प्रमाण बना लाइफलाइन! लाइफ सर्टिफिकेट नहीं दिया तो अप्रैल से बंद होगी पेंशन, पेंशनधारी इस दिन तक जमा कर दें प्रमाणपत्र
Bihar Pension Verification: सरकार ने साफ और सख़्त अंदाज में ऐलान किया है कि 31 मार्च के बाद वही पेंशनधारी अपनी रकम हासिल कर पाएंगे, जिन्होंने वक़्त रहते अपना जीवन प्रमाण जमा कर दिया है।
Bihar Pension Verification: एक तरफ राहत की आस, दूसरी तरफ डेडलाइन का दबाव। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत मिलने वाली पेंशन को जारी रखने के लिए जीवन प्रमाणीकरण अब महज एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जरूरी फर्ज़ बन चुका है। सरकार ने साफ और सख़्त अंदाज में ऐलान किया है कि 31 मार्च के बाद वही पेंशनधारी अपनी रकम हासिल कर पाएंगे, जिन्होंने वक़्त रहते अपना जीवन प्रमाण जमा कर दिया है।
अब तक 85 लाख 52 हज़ार से ज़्यादा पेंशनधारियों ने इस अहम प्रक्रिया को मुकम्मल कर लिया है। मगर अभी भी हज़ारों लोग ऐसे हैं, जो इस अहम काम से ग़ाफ़िल हैं। अगर उन्होंने 31 मार्च तक प्रमाणीकरण नहीं कराया, तो अप्रैल से उनकी पेंशन रुक सकती है यानी रोजमर्रा की ज़िंदगी पर सीधा असर।
समाज कल्याण विभाग (सामाजिक सुरक्षा निदेशालय) ने वृद्धजन, विधवा, दिव्यांग और लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी तमाम स्कीम्स के लाभार्थियों से पुरज़ोर अपील की है कि वे जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करें। इस मुहिम का मक़सद सिर्फ़ औपचारिकता नहीं, बल्कि सिस्टम को पारदर्शी बनाना और फर्ज़ी या मृत लाभार्थियों की पहचान कर सही हकदार तक मदद पहुंचाना है।
पेंशनधारी अपने नज़दीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या वसुधा केंद्र पर जाकर बायोमैट्रिक के ज़रिए यह काम करवा सकते हैं। जिन बुज़ुर्गों या दिव्यांगों के फिंगरप्रिंट काम नहीं करते, उनके लिए आईरिस स्कैन की सहूलियत दी गई है। इसके अलावा, अगर किसी का बायोमैट्रिक फेल हो जाता है, तो भौतिक सत्यापन का रास्ता भी खुला है।
सरकार ने हेल्पलाइन नंबर 1800-345-6262 भी जारी किया है, जहां से रहनुमाई हासिल की जा सकती है। अब सवाल ये हैक्या आप 31 मार्च से पहले ज़िन्दा होने का सबूत दे पाएंगे, या पेंशन रुकने का खतरा उठाएंगे?