भक्तिमय हुआ फतुहा का मसाढ़ी गांव: नौ दिवसीय राम कथा के लिए निकली भव्य कलशयात्रा, 11 सौ महिलाओं ने की गंगा से जलभरी
Bihar News : पटना के फतुहा प्रखंड के मसाढ़ी गांव में आज गुरुवार को नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा ज्ञान महायज्ञ के शुभारंभ के लिए एक बेहद भव्य कलशयात्रा निकाली गई। इस मौके पर आस्था, भक्ति और अपूर्व उत्साह का एक अनूठा संगम देखने को मिला...
Patna : पटना के फतुहा प्रखंड के मसाढ़ी गांव में गुरुवार को आस्था, भक्ति और अपूर्व उत्साह का एक अनूठा संगम देखने को मिला। अवसर था गांव में आयोजित होने वाले नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा ज्ञान महायज्ञ के शुभारंभ का, जिसके लिए एक बेहद भव्य कलशयात्रा निकाली गई। पारंपरिक बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों और 'जय श्री राम' के गगनभेदी धार्मिक जयकारों के साथ निकली इस कलशयात्रा ने पूरे मसाढ़ी और आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह राममय और भक्तिमय कर दिया।
कटैयाघाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई जलभरी
कलशयात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु शामिल हुए। सभी श्रद्धालु मसाढ़ी गांव से पैदल मार्च करते हुए फतुहा के दरियापुर स्थित ऐतिहासिक कटैयाघाट पहुंचे। गंगा नदी के तट पर विद्वान पंडितों द्वारा कराए गए वैदिक मंत्रोच्चार और विशेष पूजा-अर्चना के बीच पवित्र गंगाजल से कलशों में जलभरी की गई। भीषण धूप और तपती गर्मी की परवाह किए बिना श्रद्धालुओं के चेहरे पर केवल आस्था और भक्ति की चमक साफ दिखाई दे रही थी।
11 सौ महिलाओं ने सिर पर धारण किया कलश
पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि इस कलशयात्रा में लगभग 11 सौ कुंवारी कन्याओं और सनातनी महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण कर पूरे विधि-विधान के साथ सिर पर कलश रखा। गंगा नदी से जलभरी करने के बाद सभी कलशधारी महिलाएं कतारबद्ध होकर वापस यज्ञ स्थल (मसाढ़ी गांव) की ओर प्रस्थान कर गईं। रास्ते में जगह-जगह पर स्थानीय ग्रामीणों ने कलशयात्रा का स्वागत किया और श्रद्धालुओं के लिए पेयजल व शरबत की व्यवस्था की।
वृंदावन के कथावाचक श्याम शुभम जी करेंगे अमृत वर्षा
पूजा समिति के सक्रिय सदस्य श्यामसुंदर कुमार उर्फ मोनी सिंह ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि यह धार्मिक अनुष्ठान पूरे नौ दिनों तक चलेगा। इस दौरान उत्तर प्रदेश के वृंदावन से विशेष रूप से पधारे सुप्रसिद्ध कथावाचक श्याम शुभम जी महाराज द्वारा प्रतिदिन संध्या 6 बजे से लेकर रात्रि 11 बजे तक संगीतमय राम कथा की अमृत वर्षा की जाएगी। समिति ने क्षेत्र के तमाम रामभक्तों से इस दिव्य कथा का श्रवण कर पुण्य का भागी बनने की अपील की है।
30 मई को होगा महाप्रसाद वितरण और विशाल भंडारा
इस नौ दिवसीय महाअनुष्ठान का भव्य समापन आगामी 30 मई को होगा। समापन के दिन सुबह में विशेष हवन-पूजन और पूर्णाहुति दी जाएगी, जिसके बाद महाआरती, महाप्रसाद वितरण और एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कलशयात्रा को सफल बनाने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के लिए स्थानीय ग्रामीण व पूजा समिति के कार्यकर्ता पूरी तरह मुस्तैद दिखे।
इस मौके पर अभिषेक कुमार, राजीव कुमार, गोरख सिंह, सुनील सिंह, अमन सिंह, पिंकू सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।