Bihar News : मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने पीएम मोदी को दी बधाई, कहा–'लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित पीएम होना देश के अटूट विश्वास का प्रतीक'
Bihar News : मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का गौरव प्राप्त करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं.....पढ़िए आगे
PATNA : हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का गौरव प्राप्त करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। डॉ. सुमन ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक राजनीतिक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि देश की जनता के अटूट विश्वास, सेवा, सुशासन और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, बुनियादी ढांचे, डिजिटल तकनीक, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों, एक्सप्रेसवे, रेलवे, मेट्रो नेटवर्क, आधुनिक रेलवे स्टेशनों और हवाई अड्डों के विस्तार ने देश के विकास को नई गति दी है। वहीं ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे अभियानों ने भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। रक्षा उत्पादन एवं निर्यात में रिकॉर्ड वृद्धि, डिजिटल क्रांति और गरीब कल्याण की योजनाओं ने देश के करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
डॉ. सुमन ने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर एक आत्मविश्वासी, सक्षम और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि यह नया भारत है—सशक्त भारत, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है।