Bihar Politics: केंद्रीय गृह मंत्री से सपरिवार मिले तेज प्रताप यादव को हराने वाले मंत्री संजय कुमार सिंह, अमित शाह से मुलाकात के क्या हैं मायने, पढ़िए
Bihar Politics: केंद्रीय गृह मंत्री अमित से बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह ने मुलाकात की। अपने पूरे परिवार के साथ संजय सिंह अमित शाह से मिलने पहुंचे। संजय सिंह ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की है।
Bihar Politics: लोजपा(रा) विधायक और बिहार सरकार के मंत्री संजय कुमार सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की। उनके साथ उनकी पत्नी और बेटे भी मौजूद थे। संजय सिंह अपने पूरे परिवार के साथ गृह मंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे। जिसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्विट कर इसकी जानकारी दी। संजय सिंह ने अमित शाह के साथ तस्वीरें भी साझा की।
अमित शाह से मिले संजय सिंह
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि, "नई दिल्ली में देश के गृह मंत्री अमित शाह जी से सपरिवार शिष्टाचार मुलाकात हुई। यह मुलाकात अत्यंत सुखद और प्रेरणादायी रही। इस अवसर पर गृह मंत्री जी का स्नेहपूर्ण आशीर्वाद प्राप्त हुआ। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण और विजन हम सभी के लिए मार्गदर्शक है। सपरिवार इस आत्मीय स्वागत के लिए माननीय मंत्री जी का हृदय से आभार।" सियासी जानकार मानते हैं कि यह बयान सिर्फ शालीनता नहीं, बल्कि केंद्र की सत्ता से निकटता का सार्वजनिक इज़हार भी है।
नीतीश कैबिनेट में मिली जगह
बता दें कि संजय कुमार सिंह ने महुआ सीट से लोजपा(रा) की टिकट से जीत हासिल की। संजय सिंह पहली बार विधायक बने और साथ ही नीतीश कैबिनेट में जगह भी बना ली। संजय सिंह को लोजपा (रा) कोट से मंत्री बनाया गया है। संजय सिंह ने महुआ से जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव और तेजस्वी के प्रत्याशी मुकेश रौशन को करारी मात दी थी। महुआ से संजय सिंह पहली बार विधायक बनें हालांकि उन्हें दूसरी प्रयास में सफलता मिली।
चिराग पासवान के करीबी मानें जाते हैं संजय सिंह
दरअसल, वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में संजय कुमार सिंह को हार का सामना करना पड़ा था, वे तीसरे स्थान पर रहे थे। लेकिन 2025 के विधानसभा चुनाव में संजय सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजद उम्मीदवार डॉ. मुकेश रौशन को 44,997 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर दिया। बता दें कि, संजय कुमार सिंह लोजपा के पुराने कार्यकर्ताओं में गिने जाते हैं और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के सबसे विश्वस्त सहयोगियों में से एक माने जाते हैं।
क्यों अहम मानी जा रही मुलाकात
संजय कुमार सिंह की यह मुलाकात इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि महुआ विधानसभा सीट 2025 के चुनाव में सियासी अखाड़ा बनी हुई थी। इस सीट से राजद नेता तेज प्रताप यादव ने पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ा था। बावजूद इसके, संजय कुमार सिंह ने 87,641 वोट हासिल कर बड़ी जीत दर्ज की। दूसरे स्थान पर राजद के मुकेश कुमार रोशन रहे, जिन्हें 42,644 वोट मिले, जबकि तेज प्रताप यादव को 35,703 वोटों से संतोष करना पड़ा।
दिल्ली से धीरज की रिपोर्ट