Bihar News : सहरसा में ‘गरीब चौपाल यात्रा’ में शामिल हुए मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन, कहा -“हमारी राजनीति का केंद्र सत्ता नहीं, समाज का है अंतिम व्यक्ति”

Bihar News : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) की ‘गरीब चौपाल यात्रा’ के तहत सहरसा में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संतोष कुमार सुमन शामिल हुए........पढ़िए आगे

Bihar News : सहरसा में ‘गरीब चौपाल यात्रा’ में शामिल हुए मंत
गरीब चौपाल यात्रा - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) की गरीब चौपाल यात्रा के तहत गुरुवार को सहरसा जिला परिषद स्थित पूजा रिजॉर्ट में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के सहरसा जिलाध्यक्ष प्रियव्रत सदा ने की, जबकि मंच का संचालन बेचन राम ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता के सुख-दुख में सहभागी बनने की निरंतर प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि गरीब चौपाल यात्रा का उद्देश्य गांव-गांव जाकर आम लोगों की समस्याओं को सुनना, उनकी वास्तविक जरूरतों को समझना और उनके समाधान के लिए सरकार तथा प्रशासन के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना है।

उन्होंने कहा कि सरकार की सफलता का आकलन सरकारी रिपोर्टों से नहीं, बल्कि इस बात से होना चाहिए कि गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा, दलित, महादलित, पिछड़े और वंचित वर्ग के लोगों के जीवन में कितना सकारात्मक परिवर्तन आया है। हमारी राजनीति का केंद्र सत्ता नहीं, बल्कि समाज का अंतिम व्यक्ति है। डॉ. सुमन ने कहा कि हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) जनसेवा की राजनीति में विश्वास रखता है। जनता की समस्याओं का समाधान केवल घोषणाओं से नहीं होगा, बल्कि जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही, प्रशासन की संवेदनशीलता और लगातार निगरानी से सुनिश्चित होगा। गरीब चौपाल यात्रा इसी जनविश्वास को और मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों से स्थानीय समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए और आश्वस्त किया कि सभी मामलों पर संबंधित विभागों के माध्यम से शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, पूर्व विधायक मोहम्मद इजहार अहमद, महादलित आयोग के सदस्य मुकेश मांझी, प्रदेश सचिव अनिल यादव, विकास राज, महेंद्र सदा, रामरतन ऋषिदेव (पूर्व जिलाध्यक्ष), रमन कुमार रंजन, जिला अध्यक्ष शिव शंकर सदा, दलित प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मंशा सिंह, प्रदेश युवा उपाध्यक्ष मोहम्मद सलाउद्दीन, प्रखंड अध्यक्ष अशोक पासवान (पतरघट), नौशाद आलम, प्रदेश सचिव (युवा) रंजीत कुमार रंजन, कमल सदा, हीरा सदा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।