Mokama Model School: हॉस्टल में छात्राओं से बनवाया जाता था खाना, SDM के निरीक्षण के बाद रसोइया पर गिरी गाज
बाढ़ अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) गरिमा लोहिया ने मोकामा के मॉडल स्कूल और कस्तूरबा गांधी गर्ल्स हॉस्टल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हॉस्टल में छात्राओं से खाना बनवाने और मारपीट की शिकायत पर निजी रसोइया को तुरंत बर्खास्त कर दिया गया।
पतन जिला के बाढ़ अनुमंडल अधिकारी (SDM) गरिमा लोहिया प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के साथ मोकामा के रामशरण स्मारक रेलवे एडेड उच्च विद्यालय सह सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) पहुंचीं। उनके अचानक पहुंचने से विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसडीएम ने शिक्षकों से मुलाकात कर अटेंडेंस रजिस्टर की जांच की और फिर कक्षाओं, शौचालय तथा पेयजल व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
अव्यवस्था पर बिफरीं एसडीएम, प्रधानाचार्य को शो-कॉज
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति काफी खराब पाई गई। साथ ही पेयजल और बोर्ड-मार्कर जैसी मूलभूत सुविधाओं में भी कई कमियां सामने आईं। इस बदहाली और प्रशासनिक लापरवाही को देखकर एसडीएम ने विद्यालय प्रशासन को जमकर फटकार लगाई और प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार को कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज) जारी किया।

कस्तूरबा गांधी गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं का हंगामा
इसके बाद अधिकारियों की टीम कस्तूरबा गांधी गर्ल्स हॉस्टल (टाइप-4) पहुंची। वहां रह रही छात्राओं ने एसडीएम के सामने शिकायतों का पुलिंदा खोल दिया। छात्राओं ने आरोप लगाया कि उनसे बारी-बारी से (शिफ्ट के हिसाब से) खाना बनवाया जाता है। इसके अलावा भोजन की खराब गुणवत्ता, गंदगी और कर्मचारियों द्वारा मारपीट व अभद्र व्यवहार करने की बात भी सामने आई।

छात्राओं से खाना बनवाने वाली रसोइया बर्खास्त
छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने हॉस्टल में तैनात निजी रसोइया कुमारी रिंकी के खिलाफ तत्काल जांच कराई। जांच में छात्राओं से खाना बनवाने और उनके साथ मारपीट के आरोप सही पाए गए, जिसके आधार पर रसोइया को तुरंत बर्खास्त कर दिया गया। वहीं, लापरवाही बरतने के आरोप में हॉस्टल वार्डन कुमारी हिना सिंह को भी शो-कॉज जारी किया गया।

नाइट गार्ड पर कार्रवाई का निर्देश और सुरक्षा का भरोसा
छात्रों ने विद्यालय के गार्ड अनिल सिंह को लेकर भी शिकायत दर्ज कराई। इस पर एसडीएम ने प्रधानाचार्य को संबंधित गार्ड से लिखित स्पष्टीकरण लेने और दिन के समय उसके स्कूल में रहने पर रोक लगाने का निर्देश दिया। एसडीएम गरिमा लोहिया के इस कड़े रुख और त्वरित कार्रवाई से बच्चों और अभिभावकों में हॉस्टल की व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सकारात्मक उम्मीद जगी है।
बाढ़ से रविशंकर की रिपोर्ट