Bihar Weather: बिहार में राहत बनकर बरसेंगे बादल, पटना में मानसून का दौर शुरु, तेज बारिश-आंधी को लेकर 18 जिलों पर ऑरेंज अलर्ट,घर से निकलने से पहले पढ़ ले मौसम विभाग की चेतावनी

Bihar Weather: राजधानी पटना समेत कई जिलों में सुबह से ही आसमान में घने बादलों का डेरा देखने को मिल रहा है। हल्की बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। ...

Monsoon Arrives in Bihar Orange Alert for 18 Districts patna
बिहार में राहत बनकर बरसेंगे बादल- फोटो : reporter

Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी, उमस और तपिश से बेहाल लोगों के लिए आखिरकार राहत की खबर सामने आई है। कई दिनों से आसमान से बरस रही आग और उमस भरे मौसम के बीच अब काले बादलों ने दस्तक दे दी है।आज यानी रविवार को राजधानी पटना समेत कई जिलों में सुबह से ही आसमान में घने बादलों का डेरा देखने को मिल रहा है। हल्की बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है। लंबे समय से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने बदले मौसम का स्वागत किया।राजधानी पटना में रिमझिम फुहारों का सिलसिला शुरू होते ही लोग रिमझिम बारिश का आनंद ले रहे हैं।

 बिहार मौसम सेवा केंद्र  के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने और मानसूनी सिस्टम के मजबूत होने की वजह से दक्षिण और मध्य बिहार समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक झमाझम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहेगी। बिहार मौसम सेवा केंद्र का कहना है कि वातावरण में ह्यूमिडिटी का स्तर तेजी से बढ़ा है, जिससे बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन चुकी हैं।वहीं मौसम का मिजाज अचानक बदलने से पूरे प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने हालात को देखते हुए 18 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और बाकी 20 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार आज जिन 18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है उनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, पटना, जहानाबाद, गया, नवादा, नालंदा, बेगूसराय, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, खगड़िया, मुंगेर, बांका और भागलपुर शामिल हैं। इन इलाकों में गरज के साथ मूसलाधार बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

बिहार मौसम सेवा केंद्र ने लोगों को हिदायत दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। किसान, मजदूर और सफर करने वाले लोग विशेष एहतियात बरतें। बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई है। प्रशासन को भी संभावित जलभराव और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए पूरी मुस्तैदी रखने को कहा गया है।

हालांकि राज्य के कुछ हिस्सों में अभी भी गर्मी का सितम जारी रहेगा। मौसम विभाग ने बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद जिलों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मानसूनी सिस्टम इसी तरह सक्रिय रहा तो आने वाले दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की जा सकती है। इससे खेती-किसानी को भी बड़ा फायदा मिलेगा और धान की रोपनी में तेजी आएगी। हालांकि लगातार बारिश वाले इलाकों में जलभराव की मुश्किलात भी पैदा हो सकती हैं, इसलिए स्थानीय प्रशासन को पूरी चौकसी बरतने की जरूरत होगी।

बहरहाल  बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। जहां एक ओर बारिश लोगों को भीषण गर्मी से राहत देगी, वहीं दूसरी ओर तेज हवा, आकाशीय बिजली और भारी वर्षा को देखते हुए सतर्क रहना बेहद जरूरी है। बिहार मौसम सेवा केंद्र की अपील है कि किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।