Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में विवाहिता का हंसिया से रेता गया गला, पति पर हत्या का आरोप, वारदात के बाद फरार

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक विवाहिता की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई।

Muzaffarpur Married Woman Found Murdered
विवाहिता का हंसिया से रेता गया गला- फोटो : social Media

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में आज यानी सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक विवाहिता की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल है। घटना राजेपुर थाना क्षेत्र के नवादा गांव की बताई जा रही है, जहां सुबह-सुबह खून से लथपथ महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विवाहिता की हत्या हंसिया से गला रेतकर किए जाने की बात सामने आ रही है। वारदात इतनी बेरहमी से अंजाम दी गई कि मौके पर ही महिला की मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

इस जघन्य हत्याकांड में मृतका के पति पर ही हत्या का आरोप लग रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वारदात के बाद से आरोपी पति घर छोड़कर फरार है, जिससे शक और गहरा गया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है, ताकि हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और आरोपी की भूमिका पर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। फिलहाल इस दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपी को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा