लेडी सिंघम का प्रहार: प्रशिक्षु डीएसपी ने खुद जलाई शराब की भट्टी, मुजफ्फरपुर में शराब माफियाओं के गुर्गों में मची भगदड़
होली से पहले मुजफ्फरपुर पुलिस ने शराब माफियाओं की कमर तोड़ दी है। सकरा के दरधा में चल रही मिनी शराब फैक्ट्री को प्रशिक्षु डीएसपी शिवानी श्रेष्ठा ने आग के हवाले कर दिया, जिससे तस्करों में हड़कंप मच गया है।
Muzaffarpur - मुजफ्फरपुर पुलिस ने होली के त्योहार से पहले शराब माफियाओं के खिलाफ एक बड़ी स्ट्राइक की है। जिले के सकरा थाना क्षेत्र के दरधा गांव में पुलिस ने छापेमारी कर एक मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही शराब तस्कर मौके से भागने में सफल रहे।
दरधा में अवैध फैक्ट्री पर छापा
सकरा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दरधा इलाके में चोरी-छिपे देशी शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने जब चिन्हित स्थान पर दबिश दी, तो वहां बड़े पैमाने पर शराब बनाने का खेल चल रहा था। मौके से भारी मात्रा में लहन, शराब बनाने के उपकरण और अन्य कच्ची सामग्रियां बरामद की गईं।
प्रशिक्षु डीएसपी ने खुद संभाली कमान
कार्रवाई का नेतृत्व कर रही प्रशिक्षु डीएसपी सह सकरा थाना प्रभारी शिवानी श्रेष्ठा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बरामद शराब बनाने वाली सामग्रियों और अवैध मिनी फैक्ट्री के ढांचे को मौके पर ही आग के हवाले कर नष्ट कर दिया।
शराब माफियाओं में मचा हड़कंप
होली के समय शराब की मांग बढ़ जाती है, जिसे देखते हुए तस्कर सक्रिय थे। पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई ने शराब कारोबारियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। इलाके में पुलिस की इस दबिश से हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
रिपोर्ट - मणिभूषण शर्मा