500 मोबाइल चोरी करने वाला 'छोटू' गिरफ्तार, ई-रिक्शा की आड़ में चला रहा था संगठित गिरोह, ऐसे फंसा पुलिस के जाल में

नालंदा पुलिस ने 500 से अधिक मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के सरगना छोटू को गिरफ्तार किया है। ई-रिक्शा चलाने वाला यह आरोपी सुबह मॉर्निंग वॉक के बहाने घरों में चोरी करता था।

500 मोबाइल चोरी करने वाला 'छोटू' गिरफ्तार, ई-रिक्शा की आड़ म

Nalanda : नालंदा पुलिस ने घरों और फ्लैटों में सेंधमारी करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना मोहम्मद शाहनवाज आलम उर्फ छोटू को किशनगंज स्थित उसके ससुराल से गिरफ्तार किया। छोटू के साथ चोरी का सामान खरीदने वाले तीन मोबाइल दुकानदारों को भी दबोचा गया है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर 6 लैपटॉप और 32 मोबाइल बरामद किए हैं।

दिन में ई-रिक्शा से रेकी, सुबह चोरी की वारदात


गिरोह का सरगना शाहनवाज आलम (निवासी महुआ टोला, सोहसराय) बेहद शातिर तरीके से काम करता था। वह दिन भर शहर में ई-रिक्शा (टोटो) चलाता था ताकि सूने घरों और वीआईपी फ्लैटों की रेकी कर सके। इसके बाद वह सुबह 'मॉर्निंग वॉक' के बहाने निकलता और उन चिन्हित घरों के ताले तोड़कर कीमती सामान पर हाथ साफ कर देता था।

ससुराल में कटा रहा था फरारी, चोरी के दौरान टूटा था पैर

पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी पिछले 20 दिनों से किशनगंज में अपने ससुराल में छिपा था। पूछताछ में पता चला कि एक चोरी की घटना के दौरान भागने के चक्कर में उसका पैर टूट गया था। घायल होने के बाद वह इलाज के बहाने ससुराल भाग गया था, जिसे पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से ढूंढ निकाला।

500 मोबाइल और दर्जनों लैपटॉप खपाने का खुलासा

गिरफ्तारी के बाद कड़ी पूछताछ में शाहनवाज ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने स्वीकार किया कि वह अब तक 500 से अधिक मोबाइल और दर्जनों लैपटॉप चोरी कर चुका है। उसने ये सभी उपकरण रविंद्र और जितेंद्र नामक मोबाइल दुकानदारों को बेचे थे। पुलिस ने लहेरी थाना क्षेत्र के पटेल नगर में हुई हालिया चोरी के बाद जब मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया, तब इस पूरे नेटवर्क की कड़ी से कड़ी जुड़ती चली गई।

चोरी का सामान खरीदने वाले तीन दुकानदार भी दबोचे गए

इस गिरोह के मददगार तीन मोबाइल दुकानदारों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में रविंद्र कुमार (शिवपुरी), जितेंद्र कुमार उर्फ चायनीज (दीपनगर) और विवेक कुमार (पावापुरी) शामिल हैं। ये सभी रामचंद्रपुर इलाके में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकानें चलाते हैं। आरोपी दुकानदार छोटू से सस्ते दाम में चोरी के फोन खरीदकर उन्हें बाजार में ऊंचे दामों पर बेचते थे।

पुलिस टीम की तत्परता से मिली बड़ी कामयाबी

लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक के नेतृत्व में इस सफल छापेमारी को अंजाम दिया गया। टीम में अनुसंधानकर्ता नीतीश रंजन, दारोगा निशा भारती, सर्वेश कुमार और चंदन कुमार शामिल थे। पुलिस ने बताया कि सर्विलांस के जरिए जैसे ही चोरी के मोबाइल का लोकेशन मिला, सबसे पहले खरीदार विवेक को पकड़ा गया, जिसकी निशानदेही पर मुख्य सरगना और अन्य साथियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी।

Report - Pranay Raj