NEET विवाद की तपिश से बिहार में बढ़ा तनाव, जहानाबाद फायरिंग के बाद हाई अलर्ट, कटिहार पुलिस का शिकंजा तेज, मुजफ्फरपुर में उपद्रवियों की तलाश में छापेमारी

Bihar Protest: NEET पेपर लीक मामले को लेकर बिहार में जारी छात्र आंदोलन अब प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। ....

NEET Protest Alert Bihar Police Tightens Security After Viol
NEET विवाद की तपिश से बिहार में बढ़ा तनाव- फोटो : reporter

Bihar Protest: NEET पेपर लीक मामले को लेकर बिहार में जारी छात्र आंदोलन अब प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। जहानाबाद डीएम आवास पर गोलीबारी की घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। गया पुलिस ने संभावित विरोध-प्रदर्शन और किसी भी अप्रिय वारदात को रोकने के लिए जिले के कई संवेदनशील इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर स्पेशल पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी है।वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक गया ने शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को तैनात किया है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने में पूरी मुस्तैदी बरती जाए।पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कटिहार में 72 उपद्रवियों पर पुलिस का शिकंजा

इधर कटिहार में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 72 संदिग्ध उपद्रवियों की सीसीटीवी तस्वीरें जारी की हैं। आरोप है कि समाहरणालय गेट और आसपास के इलाके में प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस बल और सरकारी भवन पर ईंट-पत्थरों से हमला किया था।

कटिहार पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने बताया कि मामले में सहायक थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

आइसा-आरवाईए ने किया बिहार बंद का ऐलान

उधर आरा में छात्र संगठन आइसा और आरवाईए ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 25 जुलाई को बिहार बंद का ऐलान किया है। संगठन का आरोप है कि पटना में राजभवन मार्च के दौरान छात्रों पर पुलिस ने कार्रवाई की और गिरफ्तारियां की गईं।संगठन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और उच्च शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर राज्यव्यापी आंदोलन की घोषणा की है।

मुजफ्फरपुर में पुलिस की सख्ती, संपत्ति नुकसान पर कार्रवाई की चेतावनी

दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ आंदोलन अब बिहार के कई जिलों तक पहुंच चुका है। मुजफ्फरपुर में भी प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।मुजफ्फरपुर के एसएसपी ने चेतावनी दी है कि आंदोलन की आड़ में अगर किसी ने सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि ऐसे तत्वों की पहचान कर पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी और मददगार को इनाम भी दिया जाएगा।

NEET पेपर लीक विवाद अब राजनीतिक और सामाजिक आंदोलन का रूप ले चुका है। प्रशासन जहां कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटा है, वहीं छात्र संगठन अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरने की तैयारी में हैं। आने वाले दिनों में बिहार में सियासी और प्रशासनिक हलचल और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

कटिहार से श्याम कुमार सिंह, जहानाबाद से विक्रामदित्य, आरा से आशीष कुमार, गया से मनोज कुमार की रिपोर्ट