महागठबंधन में भारी टेंशन : JMM ने ठोका 12 सीटों पर दावा, सीट शेयरिंग पर बढ़ा तनाव
बिहार में शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है.लेकिन राज्य के 2 प्रमुख गठबंधन सत्तारुढ एनडीए और महागठबंधन अपने-अपने साझीदार दलों के साथ सीट शेयरिंग पर समझौता नहीं कर सके हैं. इस बीच महागठबंधन में शामिल जेएमएम ने भी अपने लिए बड़ी मांग रख दी

N4N डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है, लेकिन न तो NDA और न ही महागठबंधन (इंडिया गठबंधन) अब तक अपने घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दे पाए हैं। इसी बीच, महागठबंधन में शामिल झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने भी चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए बड़ी मांग रख दी है, जिससे गठबंधन में तनाव बढ़ गया है।
JMM की 12 सीटों की मांग
झारखंड में सत्तारूढ़ JMM अब बिहार में महागठबंधन के सहयोगी के रूप में चुनाव लड़ने को तैयार है। पार्टी से जुड़े एक नेता ने बताया कि JMM कम से कम 12 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारना चाहती है।
JMM की नज़र मुख्य रूप से झारखंड से सटे आदिवासी बहुल सीमावर्ती इलाकों की सीटों पर है, जिनमें तारापुर, कटोरिया, मनिहारी, झाझा, पीरपैंती, ठाकुरगंज, बांका, रूपौली, चकाई, जमालपुर, बनमनखी और रामनगर शामिल हैं।
RJD 5 सीटों से ज़्यादा देने को तैयार नहीं
JMM की इस बड़ी मांग ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। RJD, जो महागठबंधन का प्रमुख दल है, सूत्रों के अनुसार JMM को अधिकतम 5 सीटें देने पर विचार कर रहा है।
JMM के महासचिव विनोद कुमार पांडे ने कहा कि वे अपनी मंशा से गठबंधन के नेताओं को अवगत करा चुके हैं। अब झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और इंडिया गठबंधन के सहयोगियों के बीच चर्चा के बाद ही सीटों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सीट बंटवारे को अगले एक-दो दिन में अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
महागठबंधन में दबाव
JMM के इस दावे के अलावा, महागठबंधन में पहले से ही कांग्रेस, वाम दल, और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) भी अपने लिए अधिक से अधिक सीटों की मांग कर रहे हैं। इस खींचतान के चलते राज्य के दोनों प्रमुख गठबंधन (NDA और महागठबंधन) अभी तक अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान नहीं कर पाए हैं।