Bihar Weather: ठिठुरन के साथ नए साल का आगाज, बिहार के 38 जिलों के लिए खतरनाक अलर्ट जारी, आज हाड़ कंपाएगी ठंड
Bihar Weather: नए साल का आगाज हो गया है। ठिठुरन के साथ 2026 की शुरुआत हुई है। मौसम विभाग ने आज पूरे बिहार के लिए अलर्ट जारी किया है। लोगों से सावधान रहने की अपील की है।
Bihar Weather: साल 2026 का आगाज हो गया है। नए साल की शुरुआत बिहार सहित देश के कई हिस्सों में ठिठुरन के साथ हुई है। सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो आज हाड़ कंपा देने वाली ठंड लोगों को परेशान करेगी। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में ठंडी पछुआ हवाओं के कारण हाड़ कंपाने वाली ठंड महसूस की जा रही है।
आज 38 जिलों के लिए अलर्ट जारी
IMD ने आज यानी 1 जनवरी को राज्य के सभी 38 जिलों में कोल्ड डे और कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसमें 28 जिलों में ऑरेंज और 10 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। 10 जिलों में हल्के कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां कोहरे का असर अपेक्षाकृत कम रहेगा, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण ठंड का असर बना रहेगा। वहीं 28 जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी है, जहां कोहरे का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है।
हाड़ कंपा देने वाली ठंड का अहसास
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई है। इसका असर सड़कों के साथ-साथ रेल और हवाई यातायात पर भी साफ तौर पर देखा जा रहा है। वहीं जिन इलाकों में धूप निकल रही है, वहां भी ठंड का अहसास कम नहीं हो रहा है। साफ आसमान के कारण धरती की सतह से गर्मी तेजी से वातावरण में चली जाती है, जिसे रेडिएशनल कूलिंग कहा जाता है। इसी वजह से रात और सुबह के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा रही है। दक्षिणी बिहार में धूप के बावजूद ठिठुरन इसी कारण बनी हुई है।
5 जनवरी तक राहत नहीं
मौसम विभाग की मानें तो 5 जनवरी तक राज्य में ठंड का असर बना रहेगा और कई जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। हालांकि 6 जनवरी से मौसम में हल्का बदलाव आने और ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है। राज्य के उत्तर-पश्चिम और दक्षिणी हिस्सों में घने कोहरे के साथ कोल्ड डे की स्थिति रही। बिहार के 13 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।
पटना में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी पटना में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता कम हो सकती है। दिन में धूप निकलने की संभावना है, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण ठंड का असर अधिक रहेगा। न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना रह सकता है। बुधवार को पटना में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। फिलहाल बिहार में भीषण ठंड का दौर जारी है और अगले सप्ताह तक इससे राहत मिलने की संभावना कम है।