नितिन नवीन होंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, नामांकन में पीएम मोदी और अमित शाह होंगे प्रस्तावक

नितिन नवीन को हाल ही में भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। अब उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की तैयरी है

Nitin Naveen will be the national president of BJP
Nitin Naveen will be the national president of BJP- फोटो : news4nation

Nitin Naveen : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया तेज हो गई है और राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नवीन के नाम पर मुहर लग गई है। नितिन नवीन 19 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे, जबकि 20 जनवरी को उनके नाम की औपचारिक घोषणा किए जाने की संभावना है। 

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह स्वयं प्रस्तावक के तौर पर मौजूद रहेंगे। दोनों शीर्ष नेताओं की मौजूदगी से नितिन नवीन के नाम पर पार्टी नेतृत्व की पूरी सहमति और भरोसे का संकेत मिलता है। नितिन नवीन के नामांकन के मौके पर भाजपा शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री और पार्टी के प्रदेश अध्यक्षों को दिल्ली बुलाया गया है, जिससे यह साफ है कि पार्टी इस चयन को एक बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में प्रस्तुत करना चाहती है।



नितिन नवीन को हाल ही में भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। यदि उनके नाम की औपचारिक घोषणा होती है, तो वे बिहार से पहले ऐसे भाजपा नेता होंगे जो पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद तक पहुंचेंगे। यह बिहार की राजनीति के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।


राजनीतिक सफर की बात करें तो नितिन नवीन चार बार विधायक रह चुके हैं और संगठन तथा सरकार—दोनों स्तरों पर उन्हें मजबूत प्रशासक और कुशल रणनीतिकार के रूप में जाना जाता है। वे कायस्थ समाज से आते हैं, जिसे देखते हुए पार्टी के सामाजिक समीकरणों में भी यह फैसला अहम माना जा रहा है।


विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाना रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। बंगाल समेत पूर्वी भारत में संगठन को और मजबूत करने के लिए पार्टी नेतृत्व एक नए सामाजिक और राजनीतिक संदेश के साथ आगे बढ़ना चाहता है। भाजपा के अंदर इस घटनाक्रम को संगठनात्मक मजबूती, क्षेत्रीय संतुलन और आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से एक निर्णायक कदम के तौर पर देखा जा रहा है।