Bihar Politics: नितिन नवीन इस दिन बनेंगे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ! 7 दिनों के अंदर दूसरी बार बिहार दौरे पर पहुंचे, सियासी हलचल तेज
Bihar Politics: बीजेपी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय दौरे पर पटना में है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार नितिन नवीन को जल्द ही बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है। यदि ऐसा होता है तो वो सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष ...
Bihar Politics: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय दौरे पर पटना में हैं। सोमवार की देर रात नितिन नवीन पटना एयरपोर्ट पर पहुंचे। बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका दूसरा दौरा है। नितिन नवीन तीन दिनों के बाद अब नए साल में दिल्ली वापस जाएंगे। इसके पहले नितिन नवीन 23 दिसंबर को पटना आए थे। 23 दिसंबर को राष्ट्रीय कार्याकारी अध्यक्ष बनने के बाद उनका पहला दौरा था। इस दौरान नितिन नवीन ने पटना एयरपोर्ट से भव्य रोड शो निकाला था। बिहार भाजपा के नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया था।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया था भव्य स्वागत
पटना एयरपोर्ट से मिलर स्कूल तक रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया था। स्वागत के दौरान कहीं बुलडोजर से फूल बरसाए गए तो कहीं हाथी-घोड़े पर सवार होकर कार्यकर्ता पहुंचे थे। पिछले दौरे के दौरान नितिन नवीन ने देर रात बिहार भाजपा के सांसदों, विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में संगठन के विस्तार समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई थी। अब सात दिन के भीतर दूसरी बार उनके पटना आने से राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जल्द बनेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष
सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार नितिन नवीन को जल्द ही भाजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 15 जनवरी के बाद शुरू हो सकती है, जिसके तहत देशभर के प्रदेश अध्यक्षों को दिल्ली बुलाए जाने की संभावना है। बताया जा रहा है कि चुनाव की प्रक्रिया 18 से 20 जनवरी के बीच पूरी हो सकती है और 20 जनवरी तक नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा की जा सकती है।
नामांकन पत्रों का सेट होगा दाखिल
दरअसल, भाजपा शासित आधे से अधिक राज्यों में संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कुल 37 में से 29 राज्यों में आंतरिक चुनाव संपन्न हो चुके हैं। इन राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन की उम्मीदवारी के समर्थन में नामांकन पत्रों का एक सेट दाखिल करेंगे। वहीं नामांकन का एक अन्य सेट भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की ओर से जमा किया जाएगा।
अध्यक्ष बनने वाले सबसे युवा नेता होंगे नितिन नवीन
सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन के समर्थन में दाखिल होने वाले नामांकन पत्रों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हस्ताक्षर भी होंगे। यदि 45 वर्षीय नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाता है तो वे इस पद पर पहुंचने वाले सबसे युवा नेता होंगे। उनका कार्यकाल जनवरी 2026 से जनवरी 2029 तक रहने की संभावना है। वर्ष 2029 में प्रस्तावित लोकसभा चुनाव को देखते हुए उनका कार्यकाल आगे बढ़ाए जाने की भी संभावना जताई जा रही है।