Bihar Politics: CM नीतीश ने NDA के 9 विधायकों को दिया राज्यमंत्री का दर्जा, लिस्ट में किसका-किसका नाम शामिल, देखिए...
Bihar Politics: बिहार की सत्तारूढ़ दल एनडीए के 9 विधायकों को राज्यमंत्री का दर्जा मिला है। सीएम नीतीश ने इन सभी का मनोनयन किया है। वहीं विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने स्वीकृति दी है।
Bihar Politics: बिहार में एनडीए के 9 विधायकों को राज्यमंत्री का दर्जा मिला है। संसदीय कार्य विभाग ने सोमवार को इससे संबंधित अधिसूचना जारी की है। जारी अधिसूचना के अनुसार ग्रामीण विकास मंत्री और जदयू विधायक श्रवण कुमार को सत्तारूढ़ दल का मुख्य सचेतक बनाया गया है। वहीं बीजेपी के विनोद नारायण झा को उपमुख्य सचेतक बनाया गया है। साथ ही एनडीए के 8 विधायकों को सचेतक नियुक्त किया गया है।
सीएम नीतीश ने किया मनोनयन
जानकारी अनुसार इन सभी का मनोनयन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किया गया था, जिसे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। अधिसूचना के मुताबिक, यह मनोनयन 15 दिसंबर से प्रभावी माना जाएगा। अधिसूचना के अनुसार, कृष्ण कुमार ऋषि, मंजीत कुमार सिंह, राजू तिवारी, सुधांशु शेखर, कुमार शैलेन्द्र, रामविलास कामत, अरुण मांझी और गायत्री देवी को सचेतक बनाया गया है।
एनडीए के 9 विधायक बनें राज्यमंत्री
बता दें कि, नियमों के तहत मुख्य सचेतक को कैबिनेट मंत्री तथा उपमुख्य सचेतक और सचेतकों को राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है। हालांकि श्रवण कुमार पहले से नीतीश सरकार में मंत्री हैं, इसलिए उन्हें अलग से कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं मिलेगी। वहीं एनडीए के 9 विधायकों को राज्यमंत्री का दर्जा मिला है और उन्हें राज्यमंत्री की सभी सुविधाएं मिलेंगी।
इनको मिला आप्त सचिव
इधर, सामान्य प्रशासन विभाग ने भी सोमवार को एक अन्य अधिसूचना जारी की है। इसके तहत लघु जल संसाधन मंत्री और हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन, बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के सचेतक नीरज कुमार और सत्तारूढ़ दल के उप नेता प्रो. राजेंद्र प्रसाद गुप्ता के आप्त सचिव (सरकारी) पद पर बिहार प्रशासनिक सेवा के तीन अधिकारियों की तैनाती की गई है।