स्पेशल चार्टर्ड फ्लाइट से नीतीश कुमार दिल्ली रवाना, 9 सुनहरी बाग रोड पर आज होगा गृह प्रवेश, JDU-BJP दिग्गज होंगे शामिल, अमित शाह- राहुल गांधी के पडोसी बनेंगे पूर्वसीएम
Bihar Politics: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
Bihar Politics: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार दिल्ली के लिए रवाना हो गए। आज यानी शुक्रवार को वह सुबह स्पेशल चार्टर्ड फ्लाइट से राजधानी के लिए निकले। उनके साथ जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी और पार्टी नेता ललन सराफ भी दिल्ली रवाना हुए हैं।नीतीश कुमार का दिल्ली दौरा खास माना जा रहा है, क्योंकि आज वह अपने नए सरकारी आवास में गृह प्रवेश की रस्म पूरी करेंगे। राज्यसभा सदस्य के तौर पर उन्हें दिल्ली के वीआईपी इलाके 9, सुनहरी बाग रोड पर सरकारी बंगला आवंटित किया गया है। इसी आवास में आज पूजा-पाठ और गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
लुटियंस दिल्ली के पॉश और बेहद सुरक्षित इलाके में स्थित यह बंगला टाइप-8 श्रेणी का आलीशान सरकारी आवास है। यह देश के बड़े नेताओं और संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को आवंटित किए जाने वाले उच्च श्रेणी के आवासों में शामिल है।
नीतीश कुमार के गृह प्रवेश कार्यक्रम में जेडीयू और बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। राजनीतिक गलियारों में इस कार्यक्रम को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं, क्योंकि यह आवास दिल्ली की सत्ता के प्रमुख केंद्रों के बेहद करीब स्थित है।
खास बात यह है कि 9 सुनहरी बाग रोड स्थित यह सरकारी आवास केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आवास के आसपास के क्षेत्र में आता है। ऐसे में नीतीश कुमार का नया दिल्ली ठिकाना राजनीतिक दृष्टि से भी काफी अहम माना जा रहा है।
गृह प्रवेश के बाद नीतीश कुमार शाम को वापस पटना लौट सकते हैं। हालांकि उनका यह दौरा छोटा है, लेकिन नए सरकारी आवास में प्रवेश और जेडीयू-बीजेपी नेताओं की मौजूदगी ने दिल्ली से पटना तक सियासी हलचल बढ़ा दी है।
रिपोर्ट- अभिजीत सिंह