Bihar Politics: नीतीश कुमार पहुंचे JDU कार्यालय, घूम-घूमकर किया निरीक्षण, 'जय नीतीश जय निशांत' के लगे नारे

Bihar Politics: मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद आज पहली बार नीतीश कुमार जदयू कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने घूम-घूमकर दफ्तर का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारे लगाए

नीतीश कुमार
जदयू कार्यालय पहुंचे नीतीश कुमार - फोटो : social media

Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद रविवार को पहली बार नीतीश कुमार जदयू कार्यालय पहुंचे हैं। नीतीश कुमार के पार्टी दफ्तर पहुंचते ही माहौल उत्साह से भर गया। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद उनके इस दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा जोश देखा गया। दफ्तर पहुंचते ही नीतीश कुमार ने परिसर का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 

नीतीश कुमार का जोरदार स्वागत 

इस दौरान उनके स्वागत में ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। “भारत का नेता कैसा हो, नीतीश कुमार जैसा हो” के नारे पूरे परिसर में गूंजते रहे। इसके साथ ही “जय नीतीश, जय निशांत” के नारे भी कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए। पार्टी कार्यालय में बड़ी संख्या में समर्थक और नेता मौजूद रहे, जिन्होंने अपने नेता का गर्मजोशी से स्वागत किया। जानकारी अनुसार नीतीश कुमार 10 मिनट में ही जदयू कार्यालय से लौट गए। 

भामाशाह जयंती का आयोजन

बता दें कि, जदयूकी ओर से 26 अप्रैल को वीर शिरोमणि दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस आयोजन के जरिए जेडीयू सामाजिक समरसता, सेवा और त्याग के मूल्यों को सामने रखने की कोशिश कर रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि भामाशाह का जीवन समाज सेवा और समर्पण की प्रेरणा देता है, जिससे नई पीढ़ी सीख ले सकती है।

कार्यकर्ताओं के लिए नीतीश के 5 संदेश

कार्यक्रम को लेकर बांटे गए पैंपलेट में नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री के रूप में संबोधित किया गया है। साथ ही कार्यकर्ताओं के लिए उनके पांच संदेश भी दिए गए हैं।

1.“मैं काम करता हूं, मेरा काम ही बोलता है”

2. “राजनीति सेवा के लिए है, मेवा के लिए नहीं”

3. “न्याय के साथ विकास, हर क्षेत्र और हर तबके का विकास”

4. “आधे मन से कोई बड़ा काम नहीं होता”

5. “बिहार को उस ऊंचाई पर ले जाना है, जहां से कोई नीचे ना ला सके”।

पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट