समृद्धि यात्रा का पांचवा चरण, 23 मार्च से इन जिलों के दौरे पर निकलेंगे CM नीतीश, 'सात निश्चय' की होगी अग्निपरीक्षा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 23 मार्च से समृद्धि यात्रा 2026 के पांचवें चरण पर निकल रहे हैं। जहानाबाद से पटना तक 8 जिलों में विकास योजनाओं और सात निश्चय की जमीनी समीक्षा होगी।

समृद्धि यात्रा का पांचवा चरण, 23 मार्च से इन जिलों के दौरे प

Patna - : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 23 मार्च 2026 से अपनी 'समृद्धि यात्रा' के पांचवें चरण की शुरुआत कर रहे हैं । चार दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में सीएम 8 जिलों का दौरा कर विकास योजनाओं की समीक्षा और जनता से सीधा संवाद करेंगे 

चार दिवसीय सघन दौरा और जिलों का चयन

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 'समृद्धि यात्रा' का पांचवां चरण 23 मार्च से 26 मार्च 2026 तक निर्धारित किया गया है । यात्रा की शुरुआत सोमवार को जहानाबाद और अरवल जिले से होगी । इसके बाद 24 मार्च को वे कैमूर और रोहतास, 25 मार्च को बक्सर और भोजपुर, तथा यात्रा के अंतिम दिन 26 मार्च को नालंदा और पटना जिले में विकास कार्यों का जायजा लेंगे । प्रत्येक जिले के लिए पूर्वाहन और अपराह्न का समय तय किया गया है ताकि सघन समीक्षा सुनिश्चित की जा सके 

सात निश्चय-2 और 3 की जमीनी समीक्षा

इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य 'सात निश्चय-2' और 'सात निश्चय-3' के तहत चल रही योजनाओं की प्रगति को मापना है । मुख्यमंत्री विशेष रूप से 'हर घर नल का जल', ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट, और 'हर खेत तक सिंचाई का पानी' जैसी योजनाओं का स्थल निरीक्षण करेंगे । इसके अलावा, सात निश्चय-3 के तहत महिला रोजगार योजना और जाति आधारित गणना में चिन्हित परिवारों को दी जा रही आर्थिक सहायता की भी समीक्षा की जाएगी 

भ्रष्टाचार पर लगाम और प्रशासनिक पारदर्शिता

समृद्धि यात्रा के दौरान राजस्व प्रशासन में पारदर्शिता लाने के लिए 'दाखिल-खारिज' और 'परिमार्जन प्लस' जैसे कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा । मुख्यमंत्री ने भूमि विवादों के निपटारे हेतु की गई बैठकों और जिले की विधि-व्यवस्था (Law and Order) की रिपोर्ट भी तलब की है । इसके लिए प्रपत्र-2 और प्रपत्र-3 जैसे विशेष फॉर्मेट तैयार किए गए हैं, जिनमें लंबित वादों और उनके निष्पादन का प्रतिशत दर्ज करना अनिवार्य है 

स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे का निरीक्षण

मुख्यमंत्री अपनी यात्रा के दौरान जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं का भी निरीक्षण करेंगे । इसमें निःशुल्क दवा की उपलब्धता और एम्बुलेट्री वैन (पशु चिकित्सा) की डोर-स्टेप डिलीवरी जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल हैं । साथ ही, ग्रामीण सड़कों का अनुरक्षण, नए एयरपोर्ट या हेलीपोर्ट के निर्माण की अद्यतन स्थिति और बिजली के बुनियादी ढांचे के विकास पर भी चर्चा होगी 

जन संवाद और विकास कार्यों का उद्घाटन

समीक्षा बैठकों के साथ-साथ मुख्यमंत्री इस यात्रा में 'जन संवाद' के जरिए सीधे आम लोगों से जुड़ेंगे । वे जिले की महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और कार्यारंभ भी करेंगे । मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग ने सभी प्रभारी सचिवों, प्रमंडलीय आयुक्तों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे स्थल निरीक्षण के समय संबंधित विभागों के सचिवों के साथ पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित रहें