भूमिहार महिला समाज की पहल जरूरतमंद महिला को दी गई सिलाई मशीन, आत्मनिर्भरता की ओर एक और कदम

Gaurav Rai
Gaurav Rai - फोटो : news4nation

Bihar News: पटना के बिग्रहपुर इलाके में  गुरुवार को भूमिहार महिला समाज की संस्थापक प्रीति प्रिया द्वारा एक जरूरतमंद महिला, परिधि को स्वरोजगार हेतु सिलाई मशीन प्रदान की गई। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता गौरव राय भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि यह सिलाई मशीन उनके मित्र रणजीत कुमार शर्मा के सहयोग से उपलब्ध कराई गई है। प्रीति प्रिया ने  रणजीत कुमार शर्मा के प्रति आभार प्रकट करते हुए गौरव राय के अभियान को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है और यह अभियान उसी दिशा में एक प्रयास है।


गौरव राय ने जानकारी दी कि अगले सप्ताह पांच और महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित करने का कार्यक्रम निर्धारित है। उन्होंने बताया कि अब तक 246 महिलाओं और बेटियों को सिलाई मशीनें उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा चुका है।


उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही एक बड़ा अभियान शुरू किया जाएगा, जिसके तहत जान-पहचान के लोगों से न्यूनतम 100 रुपये एकत्र कर 100 सिलाई मशीनों का इंतजाम किया जाएगा। ये मशीनें 100 जरूरतमंद महिलाओं को दी जाएंगी।


करीब 210 लोगों का यह समूह बिना किसी एनजीओ के सहयोग से समाज के जरूरतमंदों की सहायता में जुटा है। इस अभियान का एकमात्र उद्देश्य जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाना और उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है।