Central Board of Film Certification: सेंसर बोर्ड में बिहार की दमदार एंट्री, पंकज त्रिपाठी और विनोद अनुपम को मिली बड़ी जिम्मेदारी

केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड की सलाहकार समिति की नई 18 सदस्यीय कमेटी में बिहार से अभिनेता पंकज त्रिपाठी और वरिष्ठ फिल्म समीक्षक विनोद अनुपम को शामिल किया गया है।

Pankaj Tripathi Vinod Anupam
सेंसर बोर्ड में बिहार की दमदार एंट्री- फोटो : social Media

Central Board of Film Certification: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड की सलाहकार समिति का पुनर्गठन किया है। नई 18 सदस्यीय समिति में बिहार से अभिनेता पंकज त्रिपाठी और वरिष्ठ फिल्म समीक्षक विनोद अनुपम को शामिल किया गया है। यह समिति अगले तीन वर्षों तक सिनेमा और फिल्म प्रमाणन से जुड़े अहम मामलों में अपनी भूमिका निभाएगी। सीबीएफसी सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन सांविधिक निकाय है और फिल्मों के सार्वजनिक प्रदर्शन से पहले प्रमाणन की प्रक्रिया देखता है।

समिति में देश के विभिन्न हिस्सों से सिनेमा जगत की चर्चित हस्तियों को जगह दी गई है। निर्देशक प्रियदर्शन, अभिनेता मनोज जोशी, सुनील शेट्टी, पंकज त्रिपाठी, प्रसेनजीत चटर्जी, पल्लवी जोशी, रूपाली गांगुली, हंसराज हंस और प्रीति जिंटा समेत कई नाम इसमें शामिल हैं। संगीतकार रिकी केज, फिल्म निर्माता अभिषेक जैन, नीला माधब पांडा, सुप्रिया यारलागड्डा, यतींद्र मिश्र, निशिगंधा वाड, वामन केंद्रे और रमेश पतंगे भी समिति का हिस्सा हैं।

बिहार से पंकज त्रिपाठी और विनोद अनुपम की मौजूदगी को राज्य के क्षेत्रीय सिनेमा के लिए अहम माना जा रहा है। भोजपुरी, मैथिली और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों के निर्माण तथा प्रदर्शन को सुगम बनाने के लिए बिहार में सीबीएफसी की इकाई खोलने की कोशिश की जाएगी। इससे स्थानीय फिल्मकारों को प्रमाणन के लिए दूसरे शहरों की दौड़ लगाने की जरूरत कम हो सकती है।

विनोद अनुपम ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म और सिनेमाघरों में प्रदर्शित फिल्मों का स्वरूप अलग है। उनके मुताबिक प्रमाणन के लिए आने वाली फिल्मों में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने सार्थक मनोरंजन और सकारात्मक सामाजिक संदेश वाली फिल्मों को प्रोत्साहित करने की बात कही। फूहड़ता और असंसदीय भाषा जैसे विषयों पर भी प्रमाणन नियमों के मुताबिक विचार किया जाएगा।